गणेश चतुर्थी पर नुक्कड़ नाटक के जरिए छात्रों ने दिया सामाजिक जागरूकता का संदेश

Kumaonadmin
2 Min Read

नोएडा। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर आईएमएस नोएडा के कल्चरल क्लब के छात्रों ने कॉलेज परिसर में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सामाजिक जागरूकता एवं जिम्मेदार नागरिकता का संदेश दिया। नाटक के माध्यम से छात्रों ने त्योहारों को उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों ने बताया कि भारतीय त्योहार हमारी संस्कृति, परंपराओं और पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। त्योहारों को पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाने के साथ यह भी आवश्यक है कि हमारी खुशियों और उत्सव से किसी अन्य व्यक्ति को असुविधा न हो।

छात्रों ने विशेष रूप से तेज आवाज में संगीत और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के अनावश्यक उपयोग से बचने, भक्ति एवं आध्यात्मिकता को प्राथमिकता देने तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता करने का संदेश दिया। साथ ही, त्योहारों को स्वच्छता, सौहार्द, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मनाने पर भी जोर दिया गया।

आईएमएस कल्चरल क्लब की हेड मीतु चौधरी ने बताया कि आज के कार्यक्रम में छात्रों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से संदेश दिया कि त्योहार केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं हैं, बल्कि एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को सकारात्मक रूप से आगे बढ़ाने का माध्यम भी हैं।

उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से छात्रों ने अपनी रचनात्मक एवं अभिनय प्रतिभा के साथ सामाजिक सरोकार और जिम्मेदार नागरिकता की भावना का प्रभावी प्रदर्शन किया। नुक्कड़ नाटक ने उपस्थित लोगों को उत्सव के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों और दूसरों की भावनाओं का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *