उत्तराखंड में सामाजिक, सांस्कृतिक और हर्बल क्षेत्र में नई पहल

Kumaonadmin
3 Min Read

वीर थापा को डांस अकादमी के प्रशिक्षण एवं निर्देशन की जिम्मेदारी

देहरादून। छत्तीसगढ़ की चर्चित सामाजिक कार्यकर्ता एवं उद्यमी श्रीमती पल्लवी मनुदेव गौड़ा ने उत्तराखंड में सामाजिक सेवा, व्यवसाय, हर्बल उत्पादन और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल शुरू की है। पल्लवी मनुदेव गौड़ा “हरफनमौला” और “आयरन लेडी” के नाम से भी जानी जाती हैं और उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए सम्मानित किया जा चुका है।

पिछले दो माह से पल्लवी मनुदेव गौड़ा उत्तराखंड में विकास एवं सामाजिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रही हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप फुटेला द्वारा उन्हें संगठन से संरक्षक के रूप में जोड़ा गया है।

पल्लव इंडिया हर्बल यूनाइटेड फाउंडेशन और राष्ट्रीय पत्रकार संघ के सहयोग से उत्तराखंड में हर्बल उत्पादन, सामाजिक कार्य और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना पर काम किया जा रहा है। इस पहल के तहत सांस्कृतिक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए वीर थापा को डांस प्रशिक्षण एवं निर्देशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वीर थापा के नेतृत्व में प्रस्तावित अकादमी में डांस प्रशिक्षण के साथ धार्मिक आयोजनों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न सामाजिक आयोजनों के लिए प्रतिभाओं को तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। उत्तराखंड राज्य शाखा की इस पहल को प्रिंस फॉर्च्यून कंपनी और पल्लव इंडिया हर्बल यूनाइटेड फाउंडेशन का सहयोग प्राप्त होगा।

श्रीमती पल्लवी मनुदेव गौड़ा ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ-साथ प्राकृतिक एवं हर्बल संसाधनों की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण राज्य है। उनका उद्देश्य यहां हर्बल उत्पादन और सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ स्थानीय कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि मां गंगा की पवित्र धरती हरिद्वार, ऋषिकेश तथा राज्य की राजधानी देहरादून सहित अन्य क्षेत्रों में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कार्य किया जाएगा।

उन्होंने उम्मीद जताई कि मास्टर ऑफ डांस वीर थापा उत्तराखंड के युवाओं और नागरिकों को बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करेंगे तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

प्रस्तावित डांस अकादमी को वर्ष 2027 की गर्मियों तक उत्तराखंड में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके माध्यम से युवाओं के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, कला प्रशिक्षण और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *