शिमला चोरी प्रकरण में चार आबकारी कर्मी गिरफ्तार, चोरी के आभूषण व नगदी बरामद

Kumaonadmin
4 Min Read

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर ऊधमसिंहनगर पुलिस की हिमाचल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई

रुद्रपुर। भ्रष्टाचार एवं अपराध के विरुद्ध ऊधमसिंहनगर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई सामने आई है। शिमला में हुई चोरी के मामले में हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर ऊधमसिंहनगर पुलिस ने चार आबकारी कर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से चोरी प्रकरण से संबंधित बहुमूल्य आभूषण और नगदी भी बरामद की गई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई हिमाचल पुलिस द्वारा की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर शुरू हुई कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश तथा क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली पंतनगर और कोतवाली रुद्रपुर की संयुक्त पुलिस टीम ने शिमला पुलिस के साथ समन्वय कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने CCTV फुटेज खंगालने के साथ ही मैनुअल पुलिसिंग, स्थानीय सूचना तंत्र तथा संदिग्ध व्यक्तियों के आवागमन मार्गों का तकनीकी एवं भौतिक सत्यापन किया।

जांच के दौरान सामने आया कि शिमला में चोरी की घटना के बाद संदिग्ध नेपाली व्यक्ति दिल्ली पहुंचे और वहां से सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से रुद्रपुर होते हुए नेपाल की ओर जा रहे थे।

आबकारी चेक पोस्ट पर रोकी गई थी कार

पुलिस जांच में पता चला कि 8 सितंबर 2026 को लगभग सुबह 11 बजे उक्त कार को रुद्रपुर-रामपुर सीमा स्थित आबकारी चेक पोस्ट पर तैनात कर्मियों ने चेकिंग के लिए रोका था। वाहन और उसमें सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें चेक पोस्ट परिसर में ले जाकर वाहन एवं सामान की तलाशी ली गई।

पुलिस के अनुसार इसी दौरान चोरी से संबंधित बहुमूल्य संपत्ति बरामद हुई। उपलब्ध साक्ष्यों, पूछताछ और पुलिस कार्रवाई के आधार पर आबकारी विभाग से जुड़े चार कर्मियों की संलिप्तता सामने आई।

चारों आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस ने मामले में बलजीत सिंह निवासी लालपुर, किच्छा, नईम निवासी केलाखेड़ा, पप्पू लाल निवासी गदरपुर तथा देवेंद्र कुमार निवासी मालधनचौड़, रामनगर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद हिमाचल पुलिस और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चारों को 20 सितंबर 2026 की रात गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से थाना सदर शिमला में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित बहुमूल्य आभूषण और नगदी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

हिमाचल पुलिस करेगी आगे की वैधानिक कार्रवाई

यह मामला थाना सदर शिमला, जनपद शिमला में FIR संख्या 117/2026 के तहत 8 सितंबर 2026 को दर्ज प्रकरण से संबंधित है। पुलिस के अनुसार चोरी की घटना में नकदी, सोने एवं हीरे के आभूषण, घड़ियां तथा अन्य बहुमूल्य सामान चोरी होने की सूचना दर्ज थी। विवेचना के दौरान एक नेपाली महिला समेत अन्य संदिग्धों के संबंध में भी जानकारी सामने आई थी।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा हिमाचल पुलिस को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी से संबंधित अभिलेखीकरण एवं अन्य वैधानिक औपचारिकताएं हिमाचल पुलिस द्वारा पूरी की जा रही हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून के दायरे में रहते हुए दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभिन्न राज्यों की पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से अपराधों के अनावरण और आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण मदद मिल रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *