आई.टी.बी.पी. सीमाद्वार परिसर, देहरादून में दिनांक 22.09.2026 को सीमावर्ती क्षेत्र के छात्र-छात्राओं हेतु आयोजित 10 दिवसीय “शैक्षिक भ्रमण” कार्यक्रम का फ्लैग-ऑफ समारोह आयोजित किया गया l
श्री मनु महाराज, महानिरीक्षक, उत्तरी फ्रंटियर, आई.टी.बी.पी. की गरिमामयी उपस्थिति में 23वीं वाहिनी, आई.टी.बी.पी. द्वारा आयोजित इस शैक्षिक भ्रमण कार्यक्रम का फ्लैग-ऑफ किया गया। कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक महोदयगण, 23वीं वाहिनी के कमांडेंट, अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, मीडिया प्रतिनिधिगण एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

इस शैक्षिक भ्रमण में राजकीय इंटर कॉलेज, पांडुकेश्वर के कुल 28 छात्र-छात्राएँ, जिनमें 15 छात्राएँ एवं 13 छात्र, तथा 02 शिक्षकगण सम्मिलित हैं। यह भ्रमण कार्यक्रम दिनांक 21.09.2026 से 30.09.2026 तक आयोजित किया जा रहा है। छात्र-छात्राएँ दिनांक 21.09.2026 को पांडुकेश्वर से प्रस्थान कर देहरादून पहुँच चुके हैं।
भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को वृंदावन एवं मथुरा, आगरा, अयोध्या तथा नई दिल्ली के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। आगरा में ताजमहल एवं आगरा किला, अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, सरयू घाट एवं हनुमानगढ़ी तथा नई दिल्ली में विभिन्न दर्शनीय स्थलों एवं मेट्रो यात्रा का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
नई दिल्ली प्रवास के दौरान माननीय महानिदेशक, आई.टी.बी.पी. महोदय के साथ संवाद कार्यक्रम भी प्रस्तावित है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को बल के वरिष्ठ नेतृत्व से संवाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस शैक्षिक भ्रमण का उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के विद्यार्थियों को भारत की समृद्ध ऐतिहासिक, भौगोलिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत से परिचित कराना तथा उनके ज्ञान, आत्मविश्वास एवं दृष्टिकोण का विस्तार करना है।
फ्लैग-ऑफ समारोह के दौरान महानिरीक्षक, उत्तरी फ्रंटियर, आई.टी.बी.पी., श्री मनु महाराज ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए उन्हें इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने, नई चीजें सीखने तथा यात्रा के दौरान अनुशासन एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकगण के लिए सूक्ष्म जलपान का आयोजन किया गया तथा शैक्षिक भ्रमण की सफल एवं सुरक्षित यात्रा हेतु शुभकामनाएँ दी गईं।