आईआईएम काशीपुर फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (FIED) ने उत्तराखंड के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सहयोग से संचालित रूरल एंटरप्राइज एक्सेलेरेशन प्रोजेक्ट (REAP) के अंतर्गत राज्य के सभी 13 जिलों में 13 उद्यमिता बूट कैंप सफलतापूर्वक आयोजित किए।
इस पहल का उद्देश्य राज्य के युवाओं एवं उभरते उद्यमियों में उद्यमिता की भावना को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें व्यवसाय शुरू करने और आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक ज्ञान एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना था। इन बूट कैंपों से 1,500 से अधिक प्रतिभागी लाभांवित हुए।

प्रतिभागियों को उद्योग विशेषज्ञों, आईआईएम काशीपुर के प्राध्यापकों, सरकारी अधिकारियों तथा सफल उद्यमियों द्वारा उद्यमिता, व्यवसाय विकास, नवाचार और नए उद्यम स्थापित करने से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
देहरादून में आयोजित बूट कैंप में REAP की परियोजना निदेशक एवं आईएएस (IAS) अधिकारी सुश्री झरना कामठान ने प्रतिभागियों से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि इन बूट कैंपों से चयनित 20 संभावित स्टार्टअप्स को आईआईएम काशीपुर FIED के माध्यम से आगे प्रशिक्षण, मेंटरशिप तथा वित्तीय सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य इन उद्यमों को अपने व्यवसाय मॉडल को मजबूत करने और उन्हें टिकाऊ उद्यमों के रूप में विकसित करने में सहायता देना है।
आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी ने भी देहरादून कार्यक्रम में सहभागिता की और उत्तराखंड के उद्यमिता पारिस्थितिकी तंत्र (Ecosystem) को मजबूत करने के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता एवं सहयोग का आश्वासन दिया।
यह पहल जमीनी स्तर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने, रोजगार एवं आजीविका के अवसर सृजित करने और उत्तराखंड के आर्थिक विकास में योगदान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आईआईएम काशीपुर के बारे में
आईआईएम काशीपुर भारत के प्रमुख प्रबंधन संस्थानों में से एक है, जो प्रबंधन शिक्षा, शोध, नवाचार और उद्यमिता में उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तराखंड में स्थित यह संस्थान शैक्षणिक एवं शोध पहलों तथा उद्योग, सरकार और समाज के साथ सहयोग के माध्यम से क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास में योगदान देता है। संस्थान का फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप डेवलपमेंट (FIED) नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा उभरते उद्यमियों को मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने की दिशा में कार्य करता है।