मारपीट और फायरिंग मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Kumaonadmin
3 Min Read

तकनीकी साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गदरपुर पुलिस व एसओजी को मिली सफलता

गदरपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के सख्त निर्देशन में गदरपुर क्षेत्र में धर्मकांटे पर हुई मारपीट और फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार किया। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को थाना गदरपुर क्षेत्र के मसीत स्थित धर्मकांटे पर मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। मामले में जुम्मा पुत्र मियांजान, निवासी वार्ड नंबर-11 गदरपुर की तहरीर के आधार पर थाना गदरपुर में एफआईआर संख्या 284/2026 दर्ज की गई थी। मुकदमे में धारा 109(1), 309(6), 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।

घटना के शीघ्र अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना गदरपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सुरागरसी-पतारसी के साथ तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। लगातार प्रयासों के बाद 1 अक्टूबर 2026 को संयुक्त टीम ने मामले में नामजद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगराज सिंह उर्फ जग्गा (30) पुत्र केवल सिंह, निवासी मोहनपुर नंबर-1, थाना दिनेशपुर, ऊधम सिंह नगर तथा आदेश ठाकुर (25) पुत्र राकेश ठाकुर, निवासी वार्ड नंबर-7, महावीर ट्रेडर्स वाली गली, थाना गदरपुर, ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। आदेश ठाकुर का स्थायी पता ग्राम गड़िया रंगीन, थाना दातागंज, जनपद बदायूं, उत्तर प्रदेश बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी जुगराज सिंह उर्फ जग्गा के खिलाफ उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गदरपुर, दिनेशपुर, रुद्रपुर, सितारगंज, पंतनगर तथा उत्तर प्रदेश के मोहम्मदी थाना क्षेत्र के मामले शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, धमकी, लूट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज रहे हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में व0उ0नि0 मदन सिंह बिष्ट, उ0नि0 मोहन सिंह बोहरा, एसओजी काशीपुर के उ0नि0 सुनील सुतेड़ी, कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार, कांस्टेबल रवीन्द्र सिंह और कांस्टेबल दिनेश रावत शामिल रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *