गदरपुर। फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार कर छात्रों को MBBS में दाखिला दिलाने का प्रयास करने के मामले में कोतवाली गदरपुर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से दो मोबाइल फोन, HP EliteBook x360 1030 G4 लैपटॉप, हार्ड डिस्क और SSD बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को राजस्व निरीक्षक गदरपुर विनोद कुमार की तहरीर के आधार पर फर्जी स्थायी निवास, जाति एवं अनाथ प्रमाण-पत्र तैयार कर उनका लाभ लेने के संबंध में कोतवाली गदरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 283/2026 दर्ज किया गया। मामले में धारा 318(4), 336(3), 338, 339, 340(2) एवं 61(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।


विवेचना के दौरान पांच छात्रों से संबंधित प्रमाण-पत्रों में फर्जी एवं कूटरचित आधार कार्ड, राशन कार्ड, खतौनी, परिवार रजिस्टर तथा विद्युत बिल सहित अन्य दस्तावेजों के इस्तेमाल की जानकारी सामने आई। प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस को आरोपियों द्वारा कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर MBBS में दाखिला दिलाने के लिए आपराधिक षडयंत्र रचने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात सामने आई है।
प्रकरण में नामजद शुभम हुड़िया और निखिल वर्मा को पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन से प्राप्त रिकॉर्डिंग और अन्य दस्तावेजों को विवेचना में शामिल किया जा रहा है। साथ ही मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम हुड़िया पुत्र राजकुमार हुड़िया, निवासी पुरानी मंडी, वार्ड नंबर-10, गदरपुर तथा निखिल वर्मा पुत्र मोती राम, निवासी वार्ड नंबर-11, पशु चिकित्सालय, गदरपुर के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में व0उ0नि0 मदन सिंह बिष्ट, उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल, उपनिरीक्षक प्रदीप शर्मा और कांस्टेबल 1319 मोहन सिंह बोरा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।