अहमदाबाद। आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को सुरक्षित, प्रभावी और मरीज-केंद्रित बनाने के लिए चिकित्सकों में नैतिक मूल्यों का होना बेहद आवश्यक है। चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम में मुंबई के वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सक वैद्य राजन पाटणकर ने “आयुर्वेद में नैतिक चिकित्सा पद्धति” विषय पर व्याख्यान दिया।


अहमदाबाद में एकेडमी ऑफ आयुर्वेद डेवलपमेंट एंड रिसर्च (आधार) की ओर से आयोजित सतत चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम में वैद्य राजन पाटनकर ने आयुर्वेदिक चिकित्सकों की जिम्मेदारियों, नैतिक मूल्यों और वर्तमान समय की चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि आयुर्वेद का मूल उद्देश्य केवल रोग का उपचार करना नहीं, बल्कि रोगी के स्वास्थ्य, कल्याण और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना है। चिकित्सक को उपचार के दौरान अहिंसा के सिद्धांत का पालन करते हुए किसी भी प्रकार की अनावश्यक हानि से बचना चाहिए। मरीज के प्रति करुणा, संवेदनशीलता और सम्मान चिकित्सकीय संबंधों की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं।

वैद्य राजन पाटणकर ने मरीज की सहमति और उसकी स्वतंत्रता के सम्मान को भी आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी उपचार से पहले मरीज को बीमारी, उपचार की प्रक्रिया, संभावित लाभ और जोखिम की उचित जानकारी दी जानी चाहिए। साथ ही मरीज की व्यक्तिगत और चिकित्सकीय जानकारी की गोपनीयता बनाए रखना चिकित्सक की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आयुर्वेद के नाम पर झूठे दावे, चमत्कारी इलाज और निश्चित रूप से बीमारी ठीक करने के प्रचार से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान का सम्मान करते हुए उपचार में तर्क, प्रमाण और मरीज की सुरक्षा का ध्यान रखना जरूरी है।

व्याख्यान के दौरान आयुर्वेदिक औषधियों के विवेकपूर्ण उपयोग, दवाओं की गुणवत्ता और सुरक्षा, चिकित्सक की पेशेवर दक्षता तथा अपनी सीमाओं को पहचानने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर मरीज को अन्य चिकित्सा पद्धति के विशेषज्ञ के पास भेजना भी एक जिम्मेदार चिकित्सक का कर्तव्य है।
उन्होंने चिकित्सक-मरीज संबंध में दया, विश्वास और ईमानदार संवाद को महत्वपूर्ण बताते हुए शुल्क और आर्थिक मामलों में पारदर्शिता रखने पर जोर दिया। इसके अलावा विज्ञापन, सामाजिक माध्यमों के उपयोग, मरीजों के चिकित्सकीय अभिलेख, शोध में मरीजों के आंकड़ों के इस्तेमाल और प्रकाशन से जुड़े नैतिक पहलुओं पर भी विचार रखे।
वैद्य राजन पाटणकर ने कहा कि आयुर्वेद का भविष्य तभी मजबूत होगा, जब परंपरागत ज्ञान के साथ नैतिकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, चिकित्सकीय दक्षता और मानवीय संवेदना का संतुलन कायम रखा जाए। कार्यक्रम में उनके व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया।