पत्रकारों को धामी सरकार का दीपावली गिफ्ट, बढ़ेगी मान्यता और पेंशन….!!

Kumaonadmin
2 Min Read

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए प्रदेश में तहसील, जिला एवं राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाने और पत्रकार पेंशन की राशि में वृद्धि करने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों, सुरक्षा और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री गुरुवार को देहरादून में उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली महोत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों एवं प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ ही समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार जहां सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुंचाते हैं, वहीं आमजन की समस्याओं और अपेक्षाओं को शासन तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। मीडिया से मिलने वाले सुझाव और फीडबैक सरकार एवं प्रशासन को योजनाओं के धरातलीय प्रभाव का आकलन करने और व्यवस्था को अधिक जनहितकारी बनाने में मदद करते हैं।
मुख्यमंत्री ने डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए कहा कि आज पत्रकारिता के सामने नई संभावनाओं के साथ फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाओं की चुनौती भी है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष, सटीक और विश्वसनीय जानकारी जनता तक पहुंचाना पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं को लेकर गंभीर है। सरकार ने पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये की है। अब पत्रकारों की मान्यता का दायरा बढ़ाने के साथ ही पेंशन राशि में भी वृद्धि की जाएगी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *