रुद्रपुर। छात्र संघ चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराने तथा भारी बारिश के चलते उत्पन्न होने वाली संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। SSP अजय गणपति ने वायरलेस सेट के माध्यम से जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
छात्र संघ चुनाव के मद्देनजर पुलिस को चुनाव से संबंधित सभी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने को कहा गया है। SSP ने निर्देशित किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, अव्यवस्था या कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करे।

सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
भारी बारिश को लेकर भी पुलिस अलर्ट
भारी बारिश को देखते हुए SSP ने जलभराव संभावित निचले क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों तथा ऐसे मार्गों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं, जहां बारिश के कारण आवागमन प्रभावित होने की संभावना है। थाना प्रभारियों को स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया है।
जलभराव, सड़क बाधित होने या आमजन के लिए किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न होने पर पुलिस को तत्काल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के कारण यातायात प्रभावित होने की स्थिति में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
SSP अजय गणपति ने अधिकारियों से कहा कि छात्र संघ चुनाव के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही बारिश से उत्पन्न संभावित परिस्थितियों को लेकर पहले से सतर्क रहते हुए त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित किया जाए।