अखनूर में महाशिवरात्रि श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न
अख़नूर में महाशिवरात्रि श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई, मंदिरों व बाजारों में दिखा विशेष उत्साह
पांच हजार वर्ष प्राचीन कामेश्वर शिव मंदिर में प्रातःकाल से उमड़ी हजारों श्रद्धालुओं की भीड़
कुलभूषण सिंह : भगवान शिव को समर्पित प्रमुख पर्व महाशिवरात्रि रविवार को अखनूर तथा आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। प्रातःकाल से ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में शिव मंदिरों में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचने लगे। मंदिरों में ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
धार्मिक मान्यता के अनुसार महाशिवरात्रि भगवान शिव और माता पार्वती के पावन मिलन का प्रतीक है। इस दिन को उपवास, साधना और पूजा के लिए विशेष महत्व दिया जाता है। श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित किए तथा अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शहर के बाजारों में भी त्योहार का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया। फूल, फल, दूध, बेलपत्र, अगरबत्ती और अन्य पूजा सामग्री की दुकानों पर दिन भर भीड़ लगी रही। मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों के दोनों ओर अस्थायी दुकानों पर श्रद्धालु पूजा सामग्री खरीदते नजर आए। पूरे शहर में मेले जैसा दृश्य बना रहा।
अखनूर का ऐतिहासिक और प्राचीन कामेश्वर शिव मंदिर, जिसकी मान्यता द्वापर युग से जुड़ी हुई मानी जाती है, श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा। मान्यता है कि इस मंदिर का निर्माण द्वापर युग में एक राजा द्वारा करवाया गया था। मंदिर में भगवान शिवशंकर के शिवलिंग के साथ कामेश्वर महाराज (खाटू श्याम जी) तथा उनके घोड़े की पिंडी स्थापित है। श्रद्धालु तीनों पिंडियों पर जलाभिषेक कर अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने की प्रार्थना करते हैं।
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। लोग धैर्यपूर्वक अपनी बारी का इंतजार करते हुए जलाभिषेक कर रहे थे। विशेष पूजा, रुद्राभिषेक और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। देर रात तक भजन-कीर्तन चलता रहा, जिससे पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।
पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए उपमंडलीय प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। पुलिस थाना अखनूर, सिविल डिफेंस, अग्निशमन विभाग तथा स्थानीय स्वयंसेवकों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तैनात किया गया था। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, अनुशासन बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के जवान मुस्तैदी से डटे रहे।
मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्रबंधन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं की निगरानी करते रहे। प्रशासन की सतर्कता और सहयोग से महाशिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


News Desk 

