Udham Singh Nagar district में शारदीय कांवड़ यात्रा को लेकर हाई अलर्ट, भारी वाहनों पर नो-एंट्री लागू
रुद्रपुर कांवड़ यात्रा, महाशिवरात्रि सुरक्षा, ऊधमसिंहनगर पुलिस, भारी वाहन प्रतिबंध
रुद्रपुर: शारदीय कांवड़ यात्रा और 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र ऊधमसिंहनगर पुलिस ने व्यापक यातायात और सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में पूरे जनपद में डाइवर्जन प्लान और वन-वे व्यवस्था लागू की गई है, ताकि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
12 फरवरी से 15 फरवरी तक जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भारी वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। ट्रक, डम्पर, डीसीएम, पिकअप और ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे सभी भारी और खनन वाहन नो-एंट्री के दायरे में रहेंगे। हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थों से जुड़े आवश्यक सेवाओं के वाहन सामान्य रूप से संचालित होते रहेंगे।
काशीपुर, जसपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, पंतनगर, किच्छा, सितारगंज और पुलभट्टा सहित प्रमुख क्षेत्रों में अलग-अलग पॉइंट्स से भारी वाहनों को रोका जाएगा। रामपुर की ओर से हल्द्वानी सिडकुल जाने वाले भारी वाहनों को पूर्व निर्धारित समय (रात्रि 11 बजे से प्रातः 7 बजे तक) में ही आवाजाही की अनुमति होगी।
पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक रूट भी निर्धारित किए हैं। भारी वाहनों को दौराहा-मुरादाबाद-सम्भल-हापुड़- मेरठ-दिल्ली होते हुए हरिद्वार की ओर डायवर्ट किया जाएगा। एनएच मार्गों पर भी आवश्यकतानुसार प्रतिबंध लागू किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ियों की संख्या और यातायात के दबाव को देखते हुए समय-सीमा में परिवर्तन किया जा सकता है। सुरक्षा के मद्देनज़र संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और सीसीटीवी निगरानी बढ़ाई गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें और सहयोग करें, ताकि आस्था और व्यवस्था दोनों सुरक्षित रह सकें।


News Desk 

