शेरे तराई तिलकराज बेहड़ का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया
गदरपुर। शेरे-तराई के नाम से चर्चित पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ का 69वां जन्मदिन रविवार को पूरे क्षेत्र में राजनीतिक उत्साह और शक्ति-प्रदर्शन के माहौल
बेहड ने कहा जब तक जिंदा हूं तराई की सेवा करना उनका धर्म
प्रदीप फुटेला
गदरपुर। शेरे-तराई के नाम से चर्चित पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ का 69वां जन्मदिन रविवार को पूरे क्षेत्र में राजनीतिक उत्साह और शक्ति-प्रदर्शन के माहौल के बीच धूमधाम से मनाया गया। कांबोज धर्मशाला में आयोजित इस कार्यक्रम में दोपहर से ही समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। ढोल-नगाड़ों की गूंज और समर्थकों के नारों के बीच जब विधायक बेहड़ कार्यक्रम स्थल पहुंचे, तो माहौल पूरी तरह उत्सवमय नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद उधम सिंह के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इसके बाद समर्थकों ने फूलों के बुके भेंट कर और शाल ओढ़ाकर विधायक का जोरदार स्वागत किया। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच तिलकराज बेहड़ ने जन्मदिन का केक काटा। इस दौरान समर्थकों ने “शेरे-तराई जिंदाबाद” के नारे लगाए, जिससे पूरा परिसर गूंज उठा।
अपने संबोधन में विधायक बेहड़ ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे परिजनों, शुभचिंतकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि राजनीति उनके लिए सत्ता का साधन नहीं, बल्कि जनता की सेवा का संकल्प है। बेहड़ ने कहा, “जब तक मैं जीवित हूं, जनता की सेवा करता रहूंगा। तराई की जनता ने मुझे जो विश्वास दिया है, उसे मैं कभी टूटने नहीं दूंगा।” उन्होंने यह भी कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए वह हमेशा सड़क से सदन तक संघर्ष करते रहेंगे।
विधायक ने अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षों को याद करते हुए कहा कि तराई की राजनीति आसान नहीं रही, लेकिन उन्होंने हर दौर में जनता के हितों को प्राथमिकता दी। उन्होंने युवाओं से राजनीति में सक्रिय भागीदारी निभाने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की अपील की। उनका कहना था कि आज के दौर में अनुभव, ईमानदारी और जमीन से जुड़ाव की राजनीति की सबसे अधिक जरूरत है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में किसान कांग्रेस नेता सुभाष बेहड़, पूर्व विधायक प्रेमानंद महाजन, सुमित्तर भुल्लर, श्याम लाल सुखीजा, धर्म चंद खेड़ा, विजय सुखीजा, राजीव महाजन, भीम ठुकराल, विशु भूसरी, अनिल इशपुजनी, अजय गाबा, दीपक बेहड़, कृष्ण लाल अनेजा, टीकम खेड़ा, नरेंद्र ग्रोवर, आर. पी. सिंह, कृष्ण सुधा, रमेश सुखीजा, मनोज बजाज, रमन चौधरी, विकास तनेजा, गीता पपोला, सूरज भुसरी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विधायक को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ नेताओं और सामाजिक प्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि तिलकराज बेहड़ तराई की राजनीति का एक मजबूत स्तंभ रहे हैं। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और जनसंघर्षों ने उन्हें आम जनता से जोड़कर रखा है। वक्ताओं ने कहा कि बेहड़ ने अपने राजनीतिक जीवन में हमेशा किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, यह जन्मदिन समारोह केवल एक व्यक्तिगत आयोजन नहीं था, बल्कि इसे आगामी राजनीतिक समीकरणों के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों और नेताओं की मौजूदगी ने साफ कर दिया कि तराई की राजनीति में तिलकराज बेहड़ की पकड़ आज भी मजबूत बनी हुई है। कार्यक्रम के अंत में समर्थकों ने एकजुट होकर क्षेत्र के विकास और जनहित के मुद्दों पर साथ चलने का संकल्प लिया।


News Desk 

