सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग! हनी ट्रैप व रंगदारी गैंग का भंडाफोड़, दो युवतियों समेत तीन गिरफ्तार

रुद्रपुर। गदरपुर कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया के ज़रिये अमीर युवकों को जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठने वाले हनी ट्रैप व रंगदारी गैंग का

सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर ब्लैकमेलिंग! हनी ट्रैप व रंगदारी गैंग का भंडाफोड़, दो युवतियों समेत तीन गिरफ्तार

रुद्रपुर। गदरपुर कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया के ज़रिये अमीर युवकों को जाल में फंसाकर उनसे मोटी रकम ऐंठने वाले हनी ट्रैप व रंगदारी गैंग का सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस गिरोह की दो युवतियों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन अन्य की तलाश जारी है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि यह गैंग फेसबुक के माध्यम से अमीर युवकों को निशाना बनाता था। महिलाएं पहले दोस्ती करतीं, फिर मिलने के बहाने बुलाकर दुष्कर्म के फर्जी मुकदमे, अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर मोटी रकम वसूलती थीं।

40 हजार नकद और 95 हजार ऑनलाइन वसूली!

पीड़ित दाऊद, निवासी ग्राम मडियान शादी, रामपुर ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया कि अभियुक्ता जौहर उर्फ महक ने फेसबुक के ज़रिये संपर्क कर उसे गदरपुर बुलाया। वहां पहले से मौजूद साथियों के साथ मिलकर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट की गई और ब्लैकमेल कर 40 हजार रुपये नकद व 95 हजार रुपये ऑनलाइन वसूल लिए गए।

वारदात में इस्तेमाल कार और नकदी बरामद!

पुलिस ने जौहर उर्फ महक, राबिया और रोहन को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार संख्या UP 22 BA 4232 और रंगदारी की रकम बरामद की है।

12 लोगों का संगठित गिरोह!

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उनका गिरोह 10 से 12 सदस्यों का है, जिसमें महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं। यह गैंग अलग-अलग शहरों में ठिकाने बनाकर युवकों को बुलाता था। रकम न मिलने पर फर्जी दुष्कर्म के मुकदमे दर्ज कराने की धमकी दी जाती थी।

मुख्य अभियुक्ता का आपराधिक इतिहास!

अभियुक्ता जौहर उर्फ महक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ जनपद रामपुर में कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में गैंगस्टर एक्ट में जेल जा चुकी है।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी!

पुलिस दीपक, राहुल और शिवम उर्फ हैप्पी की तलाश कर रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्यों और उनके आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
पकड़े गए अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।