उधम सिंह नगर कार्निवाल: सरस आजीविका मेला 2026 का भव्य समापन
रुद्रपुर, 23 फरवरी 2026 (सू०वि०)। उधम सिंह नगर कार्निवाल के अंतर्गत आयोजित सरस आजीविका मेला 2026 का समापन दिवस सांस्कृतिक उल्लास और संगीत
रुद्रपुर, 23 फरवरी 2026 (सू०वि०)। उधम सिंह नगर कार्निवाल के अंतर्गत आयोजित सरस आजीविका मेला 2026 का समापन दिवस सांस्कृतिक उल्लास और संगीत की गूंज के बीच यादगार बन गया। बॉलीवुड उत्तराखंड संध्या में एम टीवी वाइड ग्रुप के कलाकारों ने आधुनिक गीतों की प्रस्तुति देकर मेले में उमड़े जनसमूह को देर रात तक बांधे रखा।
इसके बाद मंच संभाला उत्तराखंड की लोकधारा को नई पहचान देने वाले चर्चित पांडवाज बैंड ने। पारंपरिक लोकधुनों और आधुनिक संगीत के संगम से सजी उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। जैसे ही बैंड ने अपनी लोकप्रिय प्रस्तुतियां शुरू कीं, पूरा आयोजन स्थल उत्सवमय हो उठा और युवा वर्ग संगीत की ताल पर थिरकता नजर आया।
समापन समारोह में धरोहर थीम पर आधारित विशेष फैशन शो भी आकर्षण का केंद्र रहा। मंच पर साड़ी, पहाड़ी पिछौड़ा और पंजाबी परिधानों के संकलन ने सांस्कृतिक विविधता की सुंदर झलक पेश की। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों ने कलाकारों का अंगवस्त्र और उपहार देकर सम्मान किया तथा सरस मेले के सफल आयोजन पर उत्तराखंड सरकार और भारत सरकार के प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जी.बी. पंत विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ मनमोहन सिंह चौहान, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, मुख्य कोषाधिकारी डॉ पंकज शुक्ल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
सरस आजीविका मेला 2026 ने ग्रामीण उत्पादों, स्वयं सहायता समूहों और स्वरोजगार को मजबूत मंच प्रदान करने के साथ-साथ सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का अनूठा संगम प्रस्तुत किया। समापन दिवस पर आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।
रुद्रपुर में आयोजित यह कार्निवाल केवल एक मेला नहीं, बल्कि परंपरा, प्रतिभा और प्रगति का उत्सव बनकर सामने आया—जहां संस्कृति और आजीविका साथ-साथ कदमताल करती दिखीं।


News Desk 

