रूस की भारतीय प्रवासी संस्था सीता ने मुख्यमंत्री धामी को इंडिया डे में आमंत्रित किया

खटीमा।सीमांत क्षेत्र से निकले हरफनमौला कलाकार, गायक और एंकर शैरी सिंगर उर्फ दीपक सिंह बिष्ट ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर उन्हें रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित होने जा रहे 10वें इंडिया डे महोत्सव के लिए आमंत्रण सौंपा। यह गौरवपूर्ण आयोजन 15 अगस्त के आसपास मॉस्को में स्थित भारतीय प्रवासी संस्था सीता के तत्वावधान में होता है, जिसमें शैरी सिंगर वर्ष 2017 से 2023 तक उत्तराखंड के कई लोक कलाकारों के साथ शिरकत कर चुके हैं। उनकी कला, आवाज़ और मंच संचालन ने रूसी भूमि पर न केवल भारत, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति का भी परचम लहराया है। वे अब तक तीन बार मॉस्को में परफॉर्म कर चुके हैं और इस बार भी भारत की ओर से प्रमुख प्रतिनिधि के रूप में आमंत्रित किए गए हैं। सीता संस्था के श्री सैमी कोटवानी एवं एंडी कोटवानी ने इस बार विशेष रूप से शैरी सिंगर और उनकी संस्था हिमनाद के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री को यह निमंत्रण प्रेषित किया है। हिमनाद फाउंडेशन उत्तराखंड में रहकर न केवल लोक संस्कृति और परंपरा को जीवंत बनाए हुए है, बल्कि ग्रामीण कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों से भी जोड़ने का कार्य कर रही है। शैरी की यह पहल उत्तराखंड के युवाओं और कलाकारों के लिए एक प्रेरणा है। उन्होंने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि सीमांत क्षेत्र से भी वैश्विक पहचान पाई जा सकती है, बशर्ते इरादे बुलंद हों और जड़ें अपनी मिट्टी से जुड़ी हों।