डीएवी पीजी कॉलेज कार्यक्रम में अश्लील टिप्पणी पर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज देहरादून में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कथित अभद्र और आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग के मामले में हरियाणवी

डीएवी पीजी कॉलेज कार्यक्रम में अश्लील टिप्पणी पर हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून। डीएवी (पीजी) कॉलेज देहरादून में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान कथित अभद्र और आपत्तिजनक भाषा के प्रयोग के मामले में हरियाणवी लोक गायक मासूम शर्मा के खिलाफ थाना डालनवाला में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, छात्र प्रतिनिधि एवं सत्यम शिवम छात्र संगठन डीएवी (पीजी) कॉलेज देहरादून के सदस्य प्रांचल नौनी ने 12 अप्रैल 2026 को थाना डालनवाला में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 11 अप्रैल 2026 को कॉलेज परिसर के करनपुर स्थित सांस्कृतिक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रस्तुति के दौरान मासूम शर्मा ने मंच से अभद्र, अश्लील एवं आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया, जिससे वहां मौजूद छात्र-छात्राओं और आम जनता की भावनाएं आहत हुईं।
शिकायत के आधार पर थाना डालनवाला पुलिस ने मासूम शर्मा निवासी हरियाणा के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 63/2026 दर्ज किया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 352, 79 और 351(3) के तहत पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जांच के बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद कॉलेज परिसर और छात्र संगठनों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है। छात्र संगठनों का कहना है कि शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित सार्वजनिक कार्यक्रमों में कलाकारों को भाषा और मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
इस प्रकरण ने सांस्कृतिक आयोजनों में प्रस्तुति की सीमाओं और सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदार व्यवहार को लेकर एक नई बहस खड़ी कर दी है।