वरिष्ठ पत्रकार रूपेश कुमार को धमकी देने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्यवाही हो: फुटेला
रुद्रपुर। वरिष्ठ पत्रकार रूपेश कुमार सिंह एवं उनके परिजनों को सोशल मीडिया के माध्यम से दी जा रही धमकियों के मामले को गंभीर बताते हुए राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ
रुद्रपुर। वरिष्ठ पत्रकार रूपेश कुमार सिंह एवं उनके परिजनों को सोशल मीडिया के माध्यम से दी जा रही धमकियों के मामले को गंभीर बताते हुए राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप फुटेला ने जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से तत्काल संज्ञान लेकर कठोर कार्यवाही की मांग की है।
प्रदीप फुटेला ने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कही जाने वाली पत्रकारिता कोई साधारण पेशा नहीं, बल्कि समाज के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है। जब कोई पत्रकार निष्पक्ष होकर सच सामने लाता है, सवाल पूछता है और सत्ता या व्यवस्था से जवाब मांगता है, तब वह निजी हित से ऊपर उठकर जनहित की रक्षा करता है।
उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार रूपेश कुमार सिंह अपनी ईमानदार, निर्भीक और साफ-सुथरी पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं। यही कारण है कि कुछ असामाजिक और मानसिक रूप से कुंठित तत्व उन्हें लगातार निशाना बना रहे हैं। बीते कुछ दिनों से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उन्हें ट्रोल किया गया, अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया और “देख लेने” जैसी खुली धमकियाँ दी गईं, जो न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं, बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीधा हमला हैं।
फुटेला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यह मामला किसी एक पत्रकार का नहीं है, बल्कि पूरी पत्रकार बिरादरी की सुरक्षा और गरिमा से जुड़ा हुआ है। यदि समय रहते ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्यवाही नहीं की गई, तो यह प्रवृत्ति और अधिक खतरनाक रूप ले सकती है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित एक बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकार एक मंच पर एकत्र हुए और सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ट्रोलिंग और धमकी देने वालों का सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा तथा उनके विरुद्ध कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित कराई जाएगी।
पत्रकारों की इस एकजुटता को सकारात्मक संकेत बताते हुए फुटेला ने कहा कि आज जब फेक न्यूज़, दबाव और डर का माहौल बनाने की कोशिशें हो रही हैं, ऐसे समय में पत्रकार समाज का एकजुट होना लोकतंत्र के लिए बेहद आवश्यक है।उन्होंने दो टूक कहा—रूपेश कुमार सिंह अकेले नहीं हैं।उनके साथ पूरा पत्रकार समाज खड़ा है।
सच को दबाया जा सकता है, मिटाया नहीं जा सकता।


News Desk 

