उधमसिंहनगर पुलिस की तत्परता से बची युवक की जान, समय रहते मिला जीवनदान

उधमसिंहनगर। चौकी सुल्तानपुरपट्टी क्षेत्र में पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। समय रहते पुलिस द्वारा दिए गए उपचार

उधमसिंहनगर पुलिस की तत्परता से बची युवक की जान, समय रहते मिला जीवनदान

उधमसिंहनगर। चौकी सुल्तानपुरपट्टी क्षेत्र में पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और मानवीय कार्रवाई से एक युवक की जान बच गई। समय रहते पुलिस द्वारा दिए गए उपचार और तत्परता ने एक बड़ा हादसा होने से रोक दिया।

जानकारी के अनुसार टांडा बंजारा, सुल्तानपुरपट्टी निवासी रजनी पत्नी रधुवीर सैनी ने चौकी सुल्तानपुरपट्टी में सूचना दी कि उनके मकान में किरायेदार के रूप में रह रहा युवक संजय सैनी पुत्र तेजपाल सैनी, निवासी टांडा बादली, थाना टांडा बादली, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश), पिछले दो–तीन दिनों से कमरे से बाहर नहीं निकला है। दरवाजा खटखटाने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी सुल्तानपुरपट्टी पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। काफी देर तक आवाज़ देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला, तो पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर युवक संजय सैनी बिस्तर पर बेसुध अवस्था में पड़ा मिला। जांच करने पर उसकी नब्ज बेहद धीमी पाई गई।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी द्वारा मौके पर ही तत्काल सीपीआर दिया गया और बिना समय गंवाए युवक को उपचार हेतु प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक को होश आ गया।

होश में आने पर युवक ने पुलिस को बताया कि वह घरेलू कलह से मानसिक रूप से परेशान था और इसी कारण उसने सुबह चूहे मारने वाली दवा का सेवन कर लिया था। इसके बाद पुलिस द्वारा युवक की मौके पर काउंसलिंग की गई, उसे समझाया-बुझाया गया और भविष्य में इस तरह का कदम न उठाने की सख्त हिदायत दी गई।

स्थिति सामान्य होने पर युवक को उसके परिचितों एवं मकान मालकिन रजनी के साथ सुरक्षित उसके घर भेज दिया गया।
उधमसिंहनगर पुलिस की इस त्वरित, साहसिक और मानवीय कार्रवाई से एक कीमती जान बच सकी, जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।