देर रात एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कोतवाली काशीपुर में की सख्त समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए स्पष्ट निर्देश
काशीपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा देर रात्रि कोतवाली काशीपुर पहुंचे
काशीपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा देर रात्रि कोतवाली काशीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने सर्किल काशीपुर एवं सर्किल बाजपुर के समस्त क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य फोकस आगामी कांवड़ यात्रा, त्योहारों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण पर रहा।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने गोष्ठी के दौरान पुलिस महानिदेशक द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा एवं विभिन्न धार्मिक-सामाजिक आयोजनों के दौरान यातायात प्रबंधन, रात्रिकालीन ड्यूटी, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक स्वीकार्य नहीं होगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त फोर्स तैनात करने और लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
महिला एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एसएसपी ने गौरा शक्ति एप के व्यापक प्रचार-प्रसार और अधिकतम डाउनलोड सुनिश्चित कराने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। इसके साथ ही नियमित रात्रि गश्त, पिकेट ड्यूटी और चेकिंग अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए, ताकि अपराध संभावित क्षेत्रों पर सतत नजर रखी जा सके।
बैठक में लंबित विवेचनाओं और जनशिकायतों की गहन समीक्षा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक शिकायत का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण अनिवार्य है। गंभीर अपराधों की स्थिति में तत्काल एफएसएल यूनिट को मौके पर बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन पर विशेष जोर दिया गया। धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की नियमित जांच और निरंतर मॉनिटरिंग के भी निर्देश दिए गए।
साइबर अपराधों पर सख्ती बरतते हुए जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने, साइबर ठगी के मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने और म्यूल बैंक खातों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई को और सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।
गोष्ठी के अंत में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने दो टूक कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक छवि बनाए रखना प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी का दायित्व है। ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित निरीक्षण व समीक्षा के माध्यम से सतत निगरानी जारी रहेगी।


News Desk 

