ऑपरेशन प्रहार: कुमायूँ पुलिस ने 1.121 किलोग्राम अवैध चरस के साथ तस्कर को दबोचा
हल्द्वानी, 14 जुलाई। "लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड" अभियान के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार में कुमायूँ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमायूँ
हल्द्वानी, 14 जुलाई। "लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड" अभियान के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार में कुमायूँ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमायूँ और कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 1.121 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस महानिरीक्षक कुमायूँ परिक्षेत्र श्रीमती निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में मंगलवार को गांधी इंटर कॉलेज रोड, तरणताल के निकट सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 1.121 किलोग्राम अवैध चरस बरामद हुई, जिसके बाद उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अनिकेत बाल्मीकि (32 वर्ष) पुत्र हरकेश बाल्मीकि, निवासी गांधीनगर, वार्ड नंबर-27, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमायूँ रेंज के प्रभारी एवं उनकी टीम तथा कोतवाली हल्द्वानी के उपनिरीक्षक मनोज कुमार और पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
कुमायूँ पुलिस ने कहा है कि "लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड" अभियान के अंतर्गत संचालित ऑपरेशन प्रहार पूरी प्रभावशीलता के साथ लगातार जारी रहेगा। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे या मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित कोई सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं। पुलिस का कहना है कि जनसहयोग से ही नशा मुक्त उत्तराखण्ड के लक्ष्य को सफल बनाया जा सकता है।


News Desk 

