एसएसपी अजय गणपति की ऐतिहासिक कार्रवाई: ऊधम सिंह नगर में संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर बड़ा अभियान, 94 लाइसेंस कब्जे में, 119 हथियार जमा

रुद्रपुर, 14 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "अपराध मुक्त देवभूमि" के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपदभर

एसएसपी अजय गणपति की ऐतिहासिक कार्रवाई: ऊधम सिंह नगर में संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर बड़ा अभियान, 94 लाइसेंस कब्जे में, 119 हथियार जमा

रुद्रपुर, 14 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "अपराध मुक्त देवभूमि" के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऊधम सिंह नगर पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपदभर में संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के खिलाफ व्यापक सत्यापन अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल निर्देशन में गठित तीन विशेष पुलिस टीमों ने गैर जनपदों एवं बाहरी राज्यों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की गहन जांच शुरू की, जिसमें अब तक 108 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस चिन्हित, 94 लाइसेंस पुलिस कब्जे में लिए जा चुके हैं तथा 119 शस्त्र संबंधित थानों में जमा कराए गए हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि अभियान के तहत जनपद स्तर पर तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने सभी थाना क्षेत्रों में घर-घर जाकर शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया। सत्यापन के लिए कुल 678 शस्त्र लाइसेंस चिन्हित किए गए थे, जिनमें से 626 का सत्यापन पूरा हो चुका है, जबकि 52 लाइसेंसों का सत्यापन अभी शेष है। जिन लाइसेंसों की वैधानिकता संदिग्ध पाई गई, उन्हें नियमानुसार कब्जे में लेकर उनकी निर्गमन प्रक्रिया और वैधता की गहन जांच की जा रही है।

इस विशेष अभियान की पृष्ठभूमि 11 जून 2026 को कोतवाली कुण्डा में दर्ज एक मुकदमे से जुड़ी है। उस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार अवैध शस्त्र और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए थे। विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि ऊधम सिंह नगर में बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से जारी कई शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर हथियार खरीदे और उपयोग किए जा रहे हैं, जिनकी वैधानिकता संदिग्ध प्रतीत हुई। इसी के बाद एसएसपी अजय गणपति ने 25 जून 2026 को जनपदव्यापी सत्यापन अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान बाजपुर में सबसे अधिक कार्रवाई देखने को मिली, जहां 131 लाइसेंसों में से 119 का सत्यापन किया गया और 39 लाइसेंस कब्जे में लेकर 43 शस्त्र जमा कराए गए। गदरपुर में 40 में से 38 लाइसेंसों का सत्यापन कर 10 संदिग्ध लाइसेंस कब्जे में लिए गए तथा 13 हथियार जमा कराए गए। केलाखेड़ा में 9 लाइसेंस और 12 शस्त्र, कुण्डा में 5 लाइसेंस और 9 शस्त्र, काशीपुर में 7 लाइसेंस और 10 शस्त्र, जसपुर में 3 लाइसेंस और 5 शस्त्र, सितारगंज में 6 लाइसेंस और 9 शस्त्र तथा नानकमत्ता में 7 लाइसेंस और 7 शस्त्र पुलिस ने कब्जे में लिए।

इसके अलावा रुद्रपुर, आईटीआई, दिनेशपुर, पंतनगर, ट्रांजिट कैम्प, किच्छा, खटीमा और अन्य थाना क्षेत्रों में भी सत्यापन अभियान चलाकर संदिग्ध लाइसेंसों की पहचान की गई। पुलिस का कहना है कि सभी संदिग्ध लाइसेंसों की वैधानिकता की जांच संबंधित जिलों और राज्यों से कराई जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि ऊधम सिंह नगर में फर्जी, संदिग्ध अथवा नियम विरुद्ध तरीके से प्राप्त किए गए शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ऊधम सिंह नगर पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई को जनपद में अवैध हथियारों और संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर अब तक के सबसे बड़े सत्यापन अभियानों में से एक माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान से अवैध हथियारों के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगेगा और जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा।