हत्या को सड़क हादसा दिखाने की साजिश नाकाम, जसपुर पुलिस ने 48 घंटे में दो आरोपी दबोचे

जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देकर छिपाने की सनसनीखेज साजिश का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो

हत्या को सड़क हादसा दिखाने की साजिश नाकाम, जसपुर पुलिस ने 48 घंटे में दो आरोपी दबोचे

जसपुर (ऊधम सिंह नगर)। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देकर छिपाने की सनसनीखेज साजिश का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बलेनो कार भी बरामद कर ली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने जानबूझकर मोटरसाइकिल को कार से टक्कर मारकर युवक की हत्या की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली जसपुर पुलिस ने इस मामले का त्वरित खुलासा किया। पुलिस के अनुसार 10 जुलाई 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ठाकुरद्वारा चुंगी के पास खेड़ा रोड पर एक कार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी है, जिसमें तीन लोग घायल हुए हैं और कार चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस मौके पर पहुंची तो नहर में गिरी मोटरसाइकिल बरामद हुई, लेकिन घायल व्यक्तियों का तत्काल पता नहीं चल सका।
अगले दिन 11 जुलाई को नितिन कुमार के पिता बनारसी दास ने कोतवाली जसपुर पहुंचकर तहरीर दी कि उनके पुत्र नितिन कुमार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कोई सामान्य सड़क दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है, जिसे पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू और जाकिर गुज्जर ने कार से जानबूझकर टक्कर मारकर अंजाम दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर 12 जुलाई को हाईवे पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को घटना में प्रयुक्त बलेनो कार (UP-21 DF-4379) सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि घटना वाले दिन उनका नितिन, लविश और हर्ष से विवाद हुआ था। बाद में तीनों युवक मोटरसाइकिल से खेड़ा रोड की ओर जा रहे थे, तभी प्रतिशोध की भावना से उन्होंने कार से मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी और उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों में पुष्पेन्द्र चौहान उर्फ मानू निवासी ग्राम कासमपुर तथा जाकिर गुज्जर निवासी नई बस्ती, जसपुर शामिल हैं। पुष्पेन्द्र के विरुद्ध वर्ष 2020 का एक आपराधिक मुकदमा पहले से दर्ज है, जबकि जाकिर के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है। हत्या जैसे जघन्य अपराध करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने मामले का शीघ्र खुलासा करने वाली जसपुर पुलिस टीम की सराहना की।