पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी घायल, दो अन्य बदमाश गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी को घायल कर गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ दो अन्य शातिर अपराधियों को भी दबोच लिया गया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, आठ जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की रेनॉल्ट क्विड कार और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में यह कार्रवाई उस समय की गई जब पुलिस को सूचना मिली कि गाबा चौक और पुलभट्टा फायरिंग कांड में वांछित शार्प शूटर जितेन्द्र चौधरी अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से डिबडिबा क्षेत्र की ओर जा रहा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जाफरपुर कट क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस के अनुसार वाहन चालक ने रुकने के बजाय तेज गति से भागने की कोशिश की। पीछा करने पर वाहन यूनिटी लॉ कॉलेज के समीप कच्चे रास्ते में तारबाड़ से टकराकर रुक गया। इसके बाद कार सवार बदमाश खेतों और बाग की ओर भागे तथा पेड़ों की आड़ लेकर पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन लगातार फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान मुख्य आरोपी जितेन्द्र चौधरी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल जितेन्द्र चौधरी उर्फ विरत चौधरी, सुमित राठौर और चंदन लाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं निरंजन टाकुली उर्फ नीरू टाकुली मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार कांबिंग और दबिश दी जा रही है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार जितेन्द्र चौधरी 21 जून 2026 को रुद्रपुर के गाबा चौक पर हुई दिनदहाड़े फायरिंग का मुख्य आरोपी है। इसके अलावा 30 जून को पुलभट्टा क्षेत्र में प्रतिद्वंद्वी गैंग पर हुई फायरिंग की घटना में भी उसकी भूमिका सामने आई थी, जिसमें एक महिला समेत कई राहगीर घायल हुए थे। आरोपी पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हत्या के प्रयास, फायरिंग, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों के अनेक मुकदमे दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध रुद्रपुर कोतवाली में बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा शस्त्र अधिनियम के तहत नया मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों, गैंगस्टरों और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गैंगवार, रंगदारी और पुलिस पर हमला करने वाले अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी तथा जनपद में किसी भी कीमत पर अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।


News Desk 

