अपराध मुक्त एवं नशा मुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार कर रही ऊधमसिंहनगर पुलिस, 3 माह में दर्ज हुईं ऐतिहासिक उपलब्धियां

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने पिछले तीन माह में अपराध, अवैध नशा, अवैध शस्त्र, कच्ची शराब,

अपराध मुक्त एवं नशा मुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार कर रही ऊधमसिंहनगर पुलिस, 3 माह में दर्ज हुईं ऐतिहासिक उपलब्धियां

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने पिछले तीन माह में अपराध, अवैध नशा, अवैध शस्त्र, कच्ची शराब, ओवरलोडिंग, संगठित अपराध एवं समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध व्यापक अभियान चलाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त एवं नशा मुक्त देवभूमि” के विजन को धरातल पर उतारते हुए पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है, जिससे अपराधियों में खौफ और आमजन में सुरक्षा व विश्वास की भावना मजबूत हुई है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पिछले तीन माह के दौरान जनपदभर में 05 बड़े विशेष अभियान चलाए गए, जिनमें अवैध नशा, अवैध शस्त्र, कच्ची शराब, ओवरलोडिंग तथा संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई। इन अभियानों में सैकड़ों अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ भारी मात्रा में अवैध सामग्री भी बरामद की गई।

अवैध शस्त्रों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में 96 मुकदमे दर्ज कर 103 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 87 तमंचे, 03 बंदूकें, 02 पंप एक्शन गन, 03 पिस्टल, 01 रिवॉल्वर, 19 रामपुरी चाकू/तलवार तथा 159 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से संभावित गंभीर वारदातों को रोका गया।

नशा तस्करों पर कसा शिकंजा

अवैध नशे के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 55 मुकदमे दर्ज कर 68 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 581.4 किलोग्राम गांजा, 1.058 किलोग्राम चरस, 714.96 ग्राम स्मैक, 56 नशीले इंजेक्शन और 227 नशीली गोलियां बरामद कीं। जनपद में अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी से नशा तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।

नशा तस्करों की करोड़ों की संपत्ति पर कार्रवाई

ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्तियों पर भी कार्रवाई तेज की है। पुलिस के अनुसार, कुख्यात स्मैक तस्कर रिफाकत की करीब 3.70 करोड़ रुपये तथा गांजा तस्कर संजय गुप्ता की लगभग 3 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों पर कुर्कीकरण की कार्रवाई शुरू की गई है। अपराधियों के आर्थिक नेटवर्क को तोड़ने के लिए वित्तीय जांच भी जारी है।

ऑपरेशन प्रहार के तहत सख्त कार्रवाई

पुलिस मुख्यालय स्तर से चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में 1337 अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 737 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 8687 व्यक्तियों का सत्यापन, 1502 पुलिस एक्ट चालान, 2696 यातायात चालान और 376 वाहन सीज किए गए। पुलिस ने 3976 बार, पब, क्लब, होटल और ढाबों की चेकिंग भी की।

कच्ची शराब, ओवरलोडिंग और अतिक्रमण पर अभियान

कच्ची शराब के विरुद्ध विशेष अभियान में 133 मुकदमे दर्ज कर 127 अभियुक्त गिरफ्तार किए गए तथा 3156 लीटर अवैध शराब बरामद की गई। इसके अलावा 63 अवैध भट्टियां ध्वस्त कर 1.52 लाख लीटर लहन नष्ट किया गया।
वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए अभियान में 197 ओवरलोडिंग चालान, 53 ओवरस्पीडिंग चालान, 147 वाहन सीज और कई मामलों में कोर्ट चालान की कार्रवाई की गई। सार्वजनिक स्थलों और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने के लिए भी प्रशासन के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।

धर्मांतरण और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर सख्ती

धर्मांतरण से जुड़े मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमे दर्ज किए और निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित की। वहीं सितारगंज क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित आतंकी संगठन “अल बदर” से जुड़े तार सामने आने पर दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ संयुक्त जांच जारी है।

पुलिसिंग में फिटनेस और अनुशासन पर जोर

एसएसपी अजय गणपति द्वारा पुलिस बल की फिटनेस, अनुशासन और संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता दी गई है। नियमित परेड, फिजिकल एक्टिविटी और जनसुनवाई व्यवस्था में सुधार के चलते पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ा है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों, नशा तस्करों, अवैध शस्त्र कारोबारियों और समाज विरोधी तत्वों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।