अनाज मंडी में धान की आवक बढ़ने से यातायात व्यवस्था ध्वस्त

गदरपुर। नवीन अनाज मंडी में इन दिनों धान की भारी आवक के चलते  यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सुबह से देर शाम तक मंडी परिसर व मुख्य मार्ग पर ट्रेक्टर ट्रालियों, ट्रकों की

अनाज मंडी में धान की आवक बढ़ने से यातायात व्यवस्था ध्वस्त

गदरपुर। नवीन अनाज मंडी में इन दिनों धान की भारी आवक के चलते  यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सुबह से देर शाम तक मंडी परिसर व मुख्य मार्ग पर ट्रेक्टर ट्रालियों, ट्रकों की भीड़ लगी रहती है। जिसके कारण मुख्य सड़क पर भी भयंकर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। यह जाम कभी-कभी देर रात तक बना रहता है, जिससे आम नागरिकों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से स्थिति यही बनी हुई है। मंडी में किसानों द्वारा ट्रैक्टर ट्रालियों द्वारा धान लाया जाता है, पूर्व में धान फड़ पर उतार कर बेचा जाता था लेकिन इस बार बिना धान उतारे ट्रालियों द्वारा ही विक्रय किया जा रहा है जिससे अव्यवस्था बनी हुई है।  बाहर से आने वाले वाहनों की लंबी कतारें हाईवे तक पहुंच जाती हैं। पुलिस प्रशासन की अनदेखी के कारण यह जाम और अधिक गंभीर स्वरूप ले लेता है। खास बात यह है कि मंडी में प्रवेश के लिए बने मार्ग के सामने हर रोज भारी जाम लग रहा है, हाईवे होने के बावजूद भारी वाहन सीधे शहर के मुख्य मार्ग से होकर गुजर रहे हैं, जिससे पूरा बाजार क्षेत्र बाधित होता है। इससे न केवल राहगीरों की मुश्किलें बढ़ी हैं, बल्कि स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और व्यापारियों के लिए भी हालात विकट हो रहे हैं।

स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि यदि मंडी प्रशासन और पुलिस समय रहते समुचित व्यवस्थाएं बनाते तो जाम जैसी स्थिति अनियंत्रित न होती। ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। मज़ेदार बात यह है कि जहां एक ओर राज्य सरकार ट्रैफिक प्रबंधन को दुरुस्त करने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर गदरपुर जैसे महत्त्वपूर्ण कस्बे में बुनियादी स्तर पर भी व्यवस्था का अभाव साफ दिख रहा है। व्यापारियों एवं किसानों ने भारी वाहनों को शहर के अंदर प्रवेश से पूरी तरह रोके जाने की मांग की है इससे  जाम से काफी हद तक राहत मिल सकती है। इसके अलावा मंडी प्रशासन यदि अंदरूनी पार्किंग व्यवस्था सुचारू करे तथा वाहनों की एंट्री को समयबद्ध करे, तो जाम की समस्या स्वतः समाप्त हो सकती है।

स्थानीय जनता ने मंडी प्रशासन व पुलिस से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह समस्या यदि समय रहते नहीं सुधारी गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।