रुद्रपुर में पद्मश्री वैद्य बालेंदु प्रकाश की प्रेस वार्ता, 16 मई को होगी इम्बो पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी

एलर्जिक राइनाइटिस (सर्दी-जुकाम) के आयुर्वेदिक उपचार को लेकर पद्मश्री सम्मानित वैद्य बालेंदु प्रकाश ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित रुद्रपुर सिटी क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित कर “इम्बो” औषधि एवं आगामी राज्य स्तरीय संगोष्ठी की जानकारी साझा की।

रुद्रपुर में पद्मश्री वैद्य बालेंदु प्रकाश की प्रेस वार्ता, 16 मई को होगी इम्बो पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी

रुद्रपुर। एलर्जिक राइनाइटिस (सर्दी-जुकाम) के आयुर्वेदिक उपचार को लेकर पद्मश्री सम्मानित वैद्य बालेंदु प्रकाश ने गुरुवार को रुद्रपुर स्थित रुद्रपुर सिटी क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित कर “इम्बो” औषधि एवं आगामी राज्य स्तरीय संगोष्ठी की जानकारी साझा की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए वैद्य बालेंदु प्रकाश ने कहा कि एलर्जिक राइनाइटिस आज तेजी से बढ़ती वैश्विक स्वास्थ्य समस्याओं में शामिल हो चुका है। प्रदूषण, बदलती जीवनशैली और कमजोर होती प्रतिरक्षा प्रणाली के कारण बड़ी संख्या में लोग बार-बार सर्दी-जुकाम और एलर्जी की समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने बताया कि आधुनिक चिकित्सा में दवाएं लक्षणों को नियंत्रित करने में मदद करती हैं, लेकिन स्थायी समाधान सीमित है।

उन्होंने दावा किया कि उनके द्वारा विकसित शोध आधारित आयुर्वेदिक औषधि “इम्बो” पर किए गए नियंत्रित चिकित्सीय परीक्षणों में सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 100 रोगियों पर किए गए अध्ययन में लगभग 90 प्रतिशत रोगियों को पांच मिनट के भीतर राहत का अनुभव हुआ। साथ ही देशभर के करीब 1500 चिकित्सक अपनी चिकित्सा पद्धति में इस औषधि का उपयोग कर रहे हैं।

वैद्य बालेंदु प्रकाश ने बताया कि 16 मई 2026 को गदरपुर तहसील के रतनपुरा स्थित पड़ाव – स्पेशलिटी आयुर्वेदिक ट्रीटमेंट सेंटर में एक दिवसीय राज्य स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के 18 आयुर्वेदिक चिकित्सकों को “इम्बो ब्रांड एम्बेसडर” के रूप में सम्मानित किया जाएगा तथा विभिन्न जिलों से आए चिकित्सक अपने अनुभव साझा करेंगे।

उन्होंने बताया कि संगोष्ठी में कई वरिष्ठ चिकित्सक, आयुष विभाग के अधिकारी, विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पत्रकार संघ अध्यक्ष प्रदीप फुटेला करेंगे, जबकि अजय भट्ट मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती स्नेह सती, कुमारी नेहा नेगी एवं वैद्य सुमित श्रीवास्तव करेंगे।

प्रेस वार्ता के दौरान आयोजकों ने कहा कि इस संगोष्ठी का उद्देश्य एलर्जिक राइनाइटिस के आयुर्वेदिक उपचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा चिकित्सकों के अनुभवों का साझा मंच तैयार करना है।