अपराध मुक्त उत्तराखंड की ओर बड़ा कदम: 15 दिन में 64 तस्कर गिरफ्तार, 77 अवैध हथियार बरामद

पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अवैध शस्त्रों के खिलाफ ऐतिहासिक कार्रवाई की है।

अपराध मुक्त उत्तराखंड की ओर बड़ा कदम: 15 दिन में 64 तस्कर गिरफ्तार, 77 अवैध हथियार बरामद

एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में सख्त अभियान, जनपद में फायरिंग की घटनाओं पर लगा प्रभावी अंकुश

पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस ने अवैध शस्त्रों के खिलाफ ऐतिहासिक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में 12 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चलाए गए 15 दिवसीय विशेष अभियान में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
अभियान के दौरान कुल 59 अभियोग पंजीकृत किए गए, जबकि 64 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 77 से अधिक अवैध शस्त्र बरामद किए हैं, जिनमें 71 तमंचे, 3 पिस्टल, 2 पंप एक्शन गन और एक .315 बोर की बंदूक शामिल है। इसके अलावा 116 जिंदा कारतूस और 4 खोखा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस सघन अभियान का असर साफ तौर पर देखने को मिला है। जनपद में फायरिंग की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगा है और अपराधियों में भय का माहौल बना है। खास बात यह रही कि अभियान के दौरान कोतवाली ट्रांजिट कैंप और रुद्रपुर क्षेत्रों में सबसे अधिक बरामदगी और गिरफ्तारी दर्ज की गई।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जसपुर, बाजपुर, रुद्रपुर, काशीपुर, सितारगंज, खटीमा समेत सभी प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तस्करों के नेटवर्क पर चोट की। साथ ही सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए एक लाइसेंसी पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि अवैध शस्त्रों के निर्माण, तस्करी, भंडारण और प्रदर्शन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।
पुलिस का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। साफ है कि प्रशासन अब सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर अपराध के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है।