आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में देशभक्ति और संस्कृति से सराबोर हुआ रंगारंग कार्यक्रम
हल्द्वानी। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और वीरता
हल्द्वानी। आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और वीरता की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल प्रमोद चंद्र पांडेय, विद्यालय प्रबंधक भुवन चंद्र उपाध्याय ने किया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, प्रधानाचार्य वीरेंद्र सिंह तथा विद्यालय के सलाहकार डॉ. बीपी भाकुनी सहित शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम में नृत्य शिक्षिका वंदना शर्मा के निर्देशन में बच्चों ने सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी। इसके बाद वीर छत्रपति शिवाजी महाराज के शौर्य और पराक्रम पर आधारित ‘छावा’ डांस ने वातावरण में जोश भर दिया। बच्चों की भावपूर्ण अदाकारी और शानदार नृत्य प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
जूनियर कक्षाओं के नन्हे बच्चों ने म्यूजिकल स्किट, ड्रामा और नृत्य के माध्यम से देशभक्ति एवं सामाजिक संदेश प्रस्तुत किए। वहीं तलवारों के साथ प्रस्तुत किए गए साहसिक नृत्य ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण पैदा किया। बच्चों के आत्मविश्वास, अनुशासन और मंचीय प्रस्तुति की दर्शकों ने जमकर प्रशंसा की।
कार्यक्रम में राजस्थान और गुजरात की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। रंगीले राजस्थान और गुजरात के पारंपरिक गरबा पर छात्र-छात्राओं ने ऐसी मनमोहक प्रस्तुति दी कि पूरा माहौल झूम उठा। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे बच्चों की प्रस्तुतियों ने भारतीय संस्कृति की विविधता और एकता का सुंदर संदेश दिया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि देश में करोड़ों लोगों ने अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति की मिसाल कायम की है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है तथा प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में देशप्रेम, संस्कार, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करते हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


News Desk 

