ग्रीष्मकालीन चुनौतियों से निपटने को प्रशासन अलर्ट, हीट वेव और जल संकट पर विशेष तैयारी
रुद्रपुर, 15 अप्रैल 2026। उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शासन और जिला प्रशासन सतर्क मोड में आ गया है। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने बुधवार को
रुद्रपुर, 15 अप्रैल 2026। उत्तराखंड में बढ़ती गर्मी को देखते हुए शासन और जिला प्रशासन सतर्क मोड में आ गया है। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने बुधवार को सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर ग्रीष्म ऋतु के दौरान उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि गर्मियों में उच्च तापमान और शुष्क मौसम के कारण पेयजल संकट, बिजली की बढ़ती मांग, वनाग्नि, आगजनी तथा स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं सामने आती हैं। विशेष रूप से मैदानी जिलों में हीट वेव जनस्वास्थ्य के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। लू, डिहाइड्रेशन और अन्य बीमारियों का खतरा बुजुर्गों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और मजदूर वर्ग पर अधिक रहता है।
बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जनपद स्तर पर सभी विभागों को पहले ही अलर्ट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में दवाइयों, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। गर्भवती महिलाओं का डाटा संकलित किया जा रहा है और सर्पदंश से बचाव के लिए एंटी वेनम किट जिला अस्पतालों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में रखी जा रही हैं।
शिक्षा विभाग को गर्मी के मद्देनजर स्कूलों के समय में आवश्यक बदलाव और जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है। वहीं जल संस्थान और पेयजल विभाग को पेयजल लाइनों की मरम्मत, खराब हैंडपंपों को दुरुस्त करने तथा संकटग्रस्त क्षेत्रों में वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बिजली विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के लिए उपकरणों की तैयारी रखने को कहा गया है। नगर निकायों, बस अड्डों, अस्पतालों और निर्माण स्थलों पर प्याऊ, पेयजल और छाया की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं को रोकने के लिए वन विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रीष्मकालीन आपात स्थितियों से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन कार्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


News Desk 

