पंतनगर एयरपोर्ट से हेली सेवा शुरू, नौकुचियाताल के लिए पहली उड़ान रवाना

पंतनगर/रुद्रपुर, 15 अप्रैल 2026। उड़ान योजना के तहत पवन हंस द्वारा पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ बुधवार को कर दिया गया

पंतनगर एयरपोर्ट से हेली सेवा शुरू, नौकुचियाताल के लिए पहली उड़ान रवाना

पंतनगर/रुद्रपुर, 15 अप्रैल 2026। उड़ान योजना के तहत पवन हंस द्वारा पंतनगर एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ बुधवार को कर दिया गया। विधायक शिव अरोरा और जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने नौकुचियाताल के लिए पहली हेली सेवा को झंडी दिखाकर रवाना किया और नारियल फोड़कर औपचारिक शुरुआत की।
इस मौके पर विधायक शिव अरोरा ने इसे उत्तराखंड के पर्यटन और पर्वतीय विकास के लिए ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi और मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami के नेतृत्व में देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल और पंतनगर को हवाई संपर्क से जोड़ने की दिशा में यह बड़ी पहल है। उनके अनुसार इस सेवा से न सिर्फ पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि नेपाल सीमा और उत्तर प्रदेश से लगे क्षेत्रों के यात्रियों को भी सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अब पर्यटक कम समय में नैनीताल, अल्मोड़ा और देहरादून पहुंच सकेंगे, जिससे पर्यटन कारोबार को नई गति मिलेगी। यह सेवा आम नागरिकों के लिए किफायती और भरोसेमंद हवाई परिवहन उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम साबित होगी।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि पंतनगर से शुरू हुई यह हेली सेवा देहरादून, नौकुचियाताल और अल्मोड़ा को सीधे जोड़ेगी, जिससे यात्रियों का समय बचेगा और आवागमन आसान होगा। उन्होंने यह भी बताया कि पंतनगर एयरपोर्ट का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार किया जा रहा है और जल्द ही इसका विस्तारीकरण कार्य शुरू होगा।
उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट विस्तार के बाद पंतनगर एयरपोर्ट नोएडा के जेवर एयरपोर्ट और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से भी जुड़ जाएगा, जिससे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का लाभ मिल सकेगा। इससे क्षेत्र के औद्योगिक संस्थानों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, कौस्तुभ मिश्र, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, गौरव पाण्डेय, पंतनगर एयरपोर्ट निदेशक पवन कुमार, अनुप गुप्ता और सीएसओ राजकुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।