113 किमी हाई-एल्टीट्यूड रन पूरी कर अजय अग्रवाल ने रचा इतिहास

रुद्रपुर। भारतीय सेना और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “सूर्या देवभूमि चैलेंज 2.0” में उधम सिंह नगर के धावक अजय कुमार अग्रवाल ने 113 किलोमीटर

113 किमी हाई-एल्टीट्यूड रन पूरी कर अजय अग्रवाल ने रचा इतिहास

रुद्रपुर। भारतीय सेना और उत्तराखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “सूर्या देवभूमि चैलेंज 2.0” में उधम सिंह नगर के धावक अजय कुमार अग्रवाल ने 113 किलोमीटर की कठिन हाई-एल्टीट्यूड दौड़ पूरी कर शानदार उपलब्धि हासिल की है। तीन दिनों (17 से 19 अप्रैल) तक चले इस चुनौतीपूर्ण आयोजन में उन्होंने लगभग 33 घंटे में दौड़ पूरी की और अपने जिले से यह कारनामा करने वाले एकमात्र प्रतिभागी बने।
यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता बद्रीनाथ–केदारनाथ (चारधाम कॉरिडोर) के दुर्गम हिमालयी मार्गों पर आयोजित की गई, जहां प्रतिभागियों को बर्फीले रास्तों, खड़ी चढ़ाइयों और ऊंचाई से जुड़ी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रतिभागियों ने 1000 मीटर से लेकर लगभग 3600 मीटर तक की ऊंचाई वाले मार्गों को पार किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ अनिल चौहान द्वारा किया गया। पहले दिन हेलंग से शुरू होकर कल्पेश्वर और बंशी नारायण मंदिर होते हुए कलगोट तक का सफर तय किया गया। दूसरे दिन रुद्रनाथ और अनुसूया माता मंदिर के दर्शन के साथ मंडल तक की कठिन यात्रा पूरी हुई। तीसरे दिन तुंगनाथ महादेव के दर्शन के बाद चोपता और घने जंगलों से गुजरते हुए प्रतिभागी उखीमठ की फिनिश लाइन तक पहुंचे।
पूरे आयोजन में भारतीय सेना के जवानों ने प्रतिभागियों की सुरक्षा, मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन में अहम भूमिका निभाई। कठिन परिस्थितियों में सेना का सहयोग धावकों के लिए बड़ी प्रेरणा बना। अजय अग्रवाल ने अपनी सफलता का श्रेय अनुशासन, कठोर परिश्रम और मजबूत इच्छाशक्ति को दिया।
प्रतियोगिता का समापन श्रीनगर में हुआ, जहां उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज विजेन्द्र सिंह की उपस्थिति में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
अजय अग्रवाल की यह उपलब्धि न केवल उधम सिंह नगर बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने यह साबित कर दिया कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और संकल्प मजबूत, तो हिमालय जैसी कठिन चुनौती भी पार की जा सकती है। यह सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है कि वे खेल और साहसिक गतिविधियों में आगे बढ़ें और अपने प्रदेश व देश का नाम रोशन करें।