गैंगरेप के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर क्षेत्र में हुए चर्चित गैंगरेप प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपियों

गैंगरेप के तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

रुद्रपुर। ऊधमसिंहनगर के रुद्रपुर क्षेत्र में हुए चर्चित गैंगरेप प्रकरण में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरार आरोपियों की तलाश के दौरान चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस पर फायरिंग करने वाले एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित पुलिस टीमें घटना के बाद से लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश, सुरागरसी और सघन चेकिंग अभियान चला रही थीं। सोमवार देर रात चौकी बगवाड़ा क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस ने मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, तीनों युवक भागने लगे और घेराबंदी किए जाने पर उन्होंने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा एवं वैधानिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु पुत्र प्रीतम सिंह (23), निवासी ग्राम कलकत्ती, थाना गदरपुर के पैर में गोली लगी। उसे तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। एसएसपी अजय गणपति स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ की।

पुलिस ने इस मामले में वांछित अन्य दो आरोपियों जोगा सिंह (24) निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) तथा रविंदर (19) निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस तथा घटना से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के "अपराध मुक्त देवभूमि" के संकल्प को साकार करने के लिए पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।