मलेशिया में भारत का मान बढ़ाएंगे पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय के दिव्यांग खिलाड़ी अजय रावत
"परिंदों को मंजिल मिलेगी यकीनन, ये फैले हुए उनके पर बोलते हैं। वो लोग रहते हैं खामोश अक्सर, जमाने में जिनके हुनर बोलते हैं।"
विशेष ब्यूरो, रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर):
"परिंदों को मंजिल मिलेगी यकीनन, ये फैले हुए उनके पर बोलते हैं। वो लोग रहते हैं खामोश अक्सर, जमाने में जिनके हुनर बोलते हैं।"
इसी कहावत को सच कर दिखाया है उत्तराखंड की देवभूमि के लाल अजय रावत ने। शारीरिक चुनौतियों को मात देकर, अपने फौलादी इरादों से आसमान छूने वाले पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रुद्रपुर (ऊधम सिंह नगर) के होनहार खिलाड़ी अजय रावत अब अंतरराष्ट्रीय खेल पटल पर देश का तिरंगा लहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। श्रीलंका के मैदानों पर अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाने के बाद, अजय अब मलेशिया में आयोजित होने वाली एशियन इंटरनेशनल पैरा थ्रो-बॉल चैंपियनशिप 2026 में भारत का दमखम दिखाएंगे।
'साउथ एशियन पैरा थ्रो-बॉल चैंपियनशिप' में जीता था रजत, अब गोल्ड पर नजर
अजय रावत की यह यात्रा केवल एक खिलाड़ी की कहानी नहीं, बल्कि संघर्ष और कभी न हार मानने वाले जज्बे की मिसाल है। इससे पूर्व, उन्होंने साउथ एशियन पैरा थ्रो-बॉल चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी टीम के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और देश की झोली में रजत पदक (Silver Medal) डाला था। उनकी इसी निरंतरता और बेहतरीन खेल को देखते हुए, आगामी 1 से 5 जून तक मलेशिया में होने वाली प्रतिष्ठित एशियन चैंपियनशिप के लिए उन्हें भारतीय टीम में चुना गया है।
वर्ल्ड पैरा थ्रो बॉल एसोसिएशन के प्रेसिडेंट डॉ. वी अल्बर्ट प्रेमकुमार ने आधिकारिक पत्र भेजकर अजय रावत के चयन की घोषणा की और उन्हें इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी।
एसोसिएशन और खेल दिग्गजों ने जताया भरोसा
अजय की इस वैश्विक उड़ान पर उत्तराखंड थ्रो-बॉल एसोसिएशन की प्रेसिडेंट व वर्ल्ड पैरा थ्रो बॉल एसोसिएशन की जॉइंट सेकेरेट्री टी. शिंरिग चौकई (Tsering Choekyi) ने भी उन्हें विशेष शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि अजय रावत जैसे खिलाड़ी न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए रोल मॉडल हैं, जिन्होंने साबित किया है कि अगर मन में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो कोई भी बाधा आपका रास्ता नहीं रोक सकती।
विद्यालय प्रबंधन और उत्तराखंड में हर्ष की लहर
राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई बड़े पदक अपने नाम कर चुके अजय रावत के इस अंतरराष्ट्रीय चयन से उनके विद्यालय पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, रुद्रपुर के प्रांगण से लेकर पूरे उत्तराखंड में जश्न और हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों और स्थानीय खेल प्रेमियों ने अजय को आगामी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।
पूरे उत्तराखंड को विश्वास है कि अजय रावत मलेशिया की धरती पर भी अपनी कामयाबी की नई इबारत लिखेंगे और देश का गौरव बढ़ाएंगे।


News Desk 

