नशे के खिलाफ अभियान तेज: रुद्रपुर में स्मैक तस्कर गिरफ्तार
रुद्रपुर। उत्तराखंड को भयमुक्त और नशामुक्त बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब
रुद्रपुर। उत्तराखंड को भयमुक्त और नशामुक्त बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प के तहत ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 45 लाख रुपये कीमत की 150 ग्राम स्मैक के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत की गई।
ANTF ऊधमसिंहनगर और कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस की संयुक्त टीम ने 12 अप्रैल 2026 की रात अटरिया-सिडकुल रोड पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोका। तलाशी में उसके पास से 150 ग्राम अवैध स्मैक, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी को रात 11:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुनील कुमार (36) पुत्र भीकम लाल मौर्या निवासी ग्राम कैमुआ, जिला बरेली (हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह फैक्ट्री में काम करने की आड़ में रुद्रपुर क्षेत्र में स्मैक सप्लाई करता था। उसने स्मैक अपने साथी आशु ठाकुर निवासी फुलसुंगी, रुद्रपुर से लाना कबूल किया है। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुनील कुमार पहले भी वर्ष 2014 में पंतनगर थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान मामले में ट्रांजिट कैंप थाने में FIR संख्या 114/2026 धारा 8/21/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने साफ कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हालत में उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की लड़ाई मजबूत हो सके।


News Desk 

