काठमांडू में आयोजित ‘ग्लोबल स्टार अवॉर्ड में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
काठमांडू । दक्ष इंटरनेशनल के आयोजन में “ग्लोबल स्टार अवॉर्ड–2026” का दूसरा संस्करण राजधानी काठमांडू में अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ।
काठमांडू । दक्ष इंटरनेशनल के आयोजन में “ग्लोबल स्टार अवॉर्ड–2026” का दूसरा संस्करण राजधानी काठमांडू में अत्यंत भव्य एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। सुकेधारा स्थित होटल मर्क्यूर में आयोजित इस विशेष समारोह में कला, संगीत, पत्रकारिता, समाजसेवा, शिक्षा तथा स्वास्थ्य लगायत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
समारोह में नेपाली फिल्म जगत के वरिष्ठ अभिनेता नीर शाह प्रमुख अतिथि तथा प्रसिद्ध हास्य कलाकार मदनकृष्ण श्रेष्ठ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ अभिनेत्री बसुन्धरा भुसाल को “दिग्गज अभिनेत्री सम्मान” तथा वरिष्ठ लोकगायक एवं पत्रकार रामप्रसाद खनाल को “अति विशिष्ट सम्मान” प्रदान किया गया।
इसी अवसर पर अभिनेता एवं मॉडल पल शाह को “ग्लोबल स्टार ऑफ द डिकेड” तथा वरिष्ठ गायिका सुनिता लुइँटेल को “जीवित धरोहर सम्मान” से सम्मानित किया गया।
वहीं “कुमाऊँ केसरी” के प्रधान संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार प्रदीप फुटेला को “इंटरनेशनल एडिटोरियल अवॉर्ड” से सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त चर्चित कलाकार यम बराल, रमेश बुढाथोकी तथा यमन श्रेष्ठ सहित विभिन्न कलाकारों और सर्जकों को भी अलग–अलग विधाओं में सम्मानित किया गया। पत्रकारिता क्षेत्र से अखण्ड भण्डारी, कल्पना शर्मा और वीरेन्द्र जैरु सहित कई पत्रकारों को “पत्रकारिता विशेष सम्मान” प्रदान किया गया। वहीं उर्मिला श्रेष्ठ को “सर्वोत्कृष्ट राष्ट्रसेवक सम्मान” तथा भजन गायक रेशम सापकोटा को “संगीत रत्न सम्मान” से विभूषित किया गया।
समारोह में भारत से जीवन शर्मा और प्रदीप फुटेला को अंतर्राष्ट्रीय श्रेणी के विशेष सम्मान प्रदान किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रमुख अतिथि नीर शाह तथा पूर्व उपसभामुख इन्दिरा राना मगर ने सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए कहा कि नेपाली मौलिक कला, संस्कृति और सृजनशीलता के संरक्षण एवं प्रवर्द्धन में ऐसे कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
आयोजक संस्था दक्ष इंटरनेशनल के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम निर्देशक राजेन्द्र लुइँटेल ने कहा कि समाज में सकारात्मक प्रभाव छोड़ने वाले सर्जकों और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के योगदान को उजागर करना ही इस अवॉर्ड समारोह का मुख्य उद्देश्य है।
संगीतमय एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सुसज्जित इस भव्य समारोह में देशभर से सौ से अधिक सर्जकों, कलाकारों तथा विशिष्ट व्यक्तित्वों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अवॉर्ड कार्यक्रम के संयोजक टेकराज पाण्डे ने आगामी वर्षों में इस समारोह को और अधिक व्यापक, व्यवस्थित तथा भव्य रूप में निरंतर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।


News Desk 

