पीडीए मौकापरस्त लोगों की जमात, जनता ने सपा की राजनीति को नकारा: अशोक यादव
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के पूर्व पर्यटन एवं राजस्व मंत्री अशोक यादव ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पीडीए केवल एक राजनीतिक छलावा है
मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के पूर्व पर्यटन एवं राजस्व मंत्री अशोक यादव ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पीडीए केवल एक राजनीतिक छलावा है और यह जनता के साथ खुला मजाक है। लोकनिर्माण विभाग के निरीक्षण भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी परिवारवाद की राजनीति कर रही है और सत्ता सुख के लिए मुस्लिम-यादव समाज को केवल वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करती रही है।
अशोक यादव ने आरोप लगाया कि सपा का पीडीए अभियान वास्तविक सामाजिक न्याय नहीं, बल्कि “पागल बनाओ, फिर दगा दो, उसके बाद आराम करो” की राजनीति है। उन्होंने कहा कि पहले बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन किया गया, फिर गेस्ट हाउस कांड हुआ, और बाद में मुस्लिम नेतृत्व को भी हाशिए पर डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि आजम खान जैसे वरिष्ठ नेता के लिए भी पार्टी ने कोई ठोस आंदोलन नहीं किया, जिससे साफ है कि सपा केवल अपने परिवार के हितों की राजनीति करती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का भय दिखाकर सत्ता पाने का सपना देखने वाली सपा अब जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है। अशोक यादव ने दावा किया कि जनता अब इस राजनीति को समझ चुकी है और पीडीए के नाम पर फैलाए जा रहे भ्रम को नकार चुकी है।
राष्ट्रीय लोकदल की भूमिका पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि रालोद अब उत्तर प्रदेश में एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनकर उभर रही है। यादव, मुस्लिम, जाट, गुर्जर, दलित, पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों को साथ लेकर सर्वहारा समाज को संगठित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व से पश्चिम तक पूरे प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल का कारवां निकल चुका है और यह प्रदेश की राजनीति को नया स्वरूप देगा।
अशोक यादव ने कहा कि वह हमेशा समाजवादी पार्टी के खिलाफ चुनाव मैदान में रहे हैं, क्योंकि उनकी राजनीति जनता के हितों की राजनीति है, न कि परिवारवाद की। उन्होंने कहा कि काशी से किया गया उनका राजनीतिक शंखनाद अब पूरे प्रदेश में गूंजेगा और पीडीए की राजनीति के ताबूत में आखिरी कील साबित होगा।


News Desk 

