विश्व की अग्रणी पैंक्रियाटाइटिस रोगी सहायता संस्था मिशन क्योर ने आईपीसीआई 2027 के आमंत्रण पर जताई सकारात्मक रुचि
रुद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैंक्रियाटाइटिस (अग्न्याशय की सूजन) के रोगियों के हितों के लिए कार्य करने वाली प्रतिष्ठित संस्था मिशन क्योर ने अंतर्राष्ट्रीय पैन्क्रिटाइटिस
रुद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैंक्रियाटाइटिस (अग्न्याशय की सूजन) के रोगियों के हितों के लिए कार्य करने वाली प्रतिष्ठित संस्था मिशन क्योर ने अंतर्राष्ट्रीय पैन्क्रिटाइटिस कॉन्क्लेव (IPCI 2027) में भागीदारी के लिए भेजे गए आमंत्रण पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
संस्था की सह-संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मेगन गोल्डन ने अपने उत्तर में कहा कि उन्हें इस सम्मेलन में आमंत्रित किया जाना सम्मान की बात है। उन्होंने विशेष रूप से IPCI 2027 में रोगियों की आवाज़ (Patient Voice) को प्रमुख स्थान दिए जाने की सराहना करते हुए लिखा कि वे अपने संगठन की टीम के साथ इस विषय पर विचार कर कार्यक्रम के अनुरूप निर्णय लेकर शीघ्र अवगत कराएँगी।
मिशन क्योर अमेरिका स्थित एक अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संस्था है, जो दीर्घकालिक पैंक्रियाटाइटिस के उपचार, अनुसंधान, रोगी जागरूकता, नीति निर्माण तथा वैश्विक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए कार्यरत है। संस्था का उद्देश्य पैंक्रियाटाइटिस के उपचार एवं अंततः इसके स्थायी समाधान की दिशा में वैश्विक प्रयासों को गति देना है।
IPCI 2027 के आयोजन सचिव पद्मश्री वैद्य बालेन्दु प्रकाश ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य विश्वभर के चिकित्सकों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, रोगी संगठनों तथा नीति-निर्माताओं को एक साझा मंच पर लाकर पैंक्रियाटाइटिस के उपचार और अनुसंधान में नए सहयोग स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि इस सम्मेलन की एक विशेषता यह होगी कि इसमें वैज्ञानिकों एवं चिकित्सकों के साथ-साथ रोगियों और रोगी संगठनों की सहभागिता को भी समान महत्व दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि IPCI 2027 में आधुनिक चिकित्सा एवं आयुर्वेद के विशेषज्ञों के मध्य वैज्ञानिक संवाद के साथ-साथ रोगियों के अनुभवों को भी शोध एवं उपचार की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण माना जाएगा।
IPCI 2027 के लिए विश्व के अनेक प्रतिष्ठित वैज्ञानिकों, चिकित्सकों एवं अंतरराष्ट्रीय संगठनों से निरंतर सकारात्मक प्रतिक्रियाएँ प्राप्त हो रही हैं, जिससे यह सम्मेलन वैश्विक स्तर पर पैंक्रियाटाइटिस के क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण वैज्ञानिक आयोजन बनने की दिशा में अग्रसर है।
मिशन:क्योर क्या है?
मिशन:क्योर अमेरिका विश्व की उन चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संस्थाओं में से एक है, जो केवल पैंक्रियाटाइटिस (अग्न्याशय की सूजन) के उपचार, अनुसंधान और अंततः इसके स्थायी समाधान के लिए समर्पित है। इसकी स्थापना वर्ष 2017 में मेगन गोल्डन द्वारा अपने भाई के दीर्घकालिक पैंक्रियाटाइटिस से संघर्ष से प्रेरित होकर की गई।
संस्था का उद्देश्य पैंक्रियाटाइटिस के क्षेत्र में वैज्ञानिक अनुसंधान को गति देना, नए उपचारों के विकास को प्रोत्साहित करना, रोगियों की आवाज़ को वैश्विक मंच प्रदान करना तथा चिकित्सकों, वैज्ञानिकों, उद्योग और नीति-निर्माताओं के बीच सहयोग स्थापित करना है।
प्रतिवर्ष लगभग 8.5 लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग ₹7–7.5 करोड़) के संसाधनों के माध्यम से अनुसंधान, रोगी जागरूकता, शिक्षा, क्लिनिकल अध्ययन तथा नवाचार आधारित परियोजनाओं को समर्थन प्रदान करती है। यह संस्था प्रारंभिक शोध परियोजनाओं, क्लिनिकल ट्रायल, रोगी रजिस्ट्रियों तथा नई औषधियों के विकास को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
पैंक्रियाटाइटिस के क्षेत्र में विश्व की अग्रणी रोगी-समर्थन एवं अनुसंधान प्रोत्साहन संस्था के रूप में देखा जाता है। IPCI 2027 में इस संस्था की संभावित सहभागिता रोगी-केंद्रित चिकित्सा, अंतरराष्ट्रीय सहयोग तथा वैज्ञानिक अनुसंधान को नई दिशा प्रदान करने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।


News Desk 

