एसएसपी अजय गणपति ने किया नई पुलिस चौकी का उद्घाटन
पंतनगर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोतवाली पंतनगर
पंतनगर। जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा आमजन को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोतवाली पंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत नवस्थापित ‘चौकी संजय वन’ का बुधवार को भव्य शुभारंभ किया गया। नवनिर्मित पुलिस चौकी का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री अजय गणपति ने मुख्य अतिथि के रूप में फीता काटकर किया।
उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ सनातन परंपरा के अनुसार वैदिक मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ के साथ हुआ। इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने दीप प्रज्वलित कर चौकी का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस ‘सुरक्षा, सेवा और विश्वास’ के सिद्धांत पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि चौकी संजय वन की स्थापना से क्षेत्र में पुलिस की पहुंच और अधिक मजबूत होगी तथा आमजन एवं पुलिस के बीच समन्वय को भी नई मजबूती मिलेगी।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई चौकी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार चौकी संजय वन के संचालन से क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बढ़ेगी, जिससे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी। साथ ही क्षेत्रवासियों की शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निस्तारण भी सुनिश्चित हो सकेगा।
उद्घाटन समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, गणमान्य नागरिक, क्षेत्रवासी तथा अन्य सम्मानित अतिथि उपस्थित रहे।


News Desk 

