एसएसपी अजय गणपति ने की होली को लेकर हाई लेवल समीक्षा बैठक

रुद्रपुर। आगामी होलिका दहन एवं होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने

एसएसपी अजय गणपति ने की होली को लेकर हाई लेवल समीक्षा बैठक

रुद्रपुर। आगामी होलिका दहन एवं होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने शुक्रवार को समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों तथा एलआईयू निरीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्व की आड़ में कानून व्यवस्था बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में अभी से सक्रिय रहकर संभावित संवेदनशील बिंदुओं की पहचान करें और प्रभावी रणनीति के साथ मैदान में उतरें।

संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर

जनपद के चिन्हित संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त और फ्लैग मार्च के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया तंत्र को सक्रिय रखते हुए प्रत्येक गतिविधि पर पैनी निगरानी रखने को कहा गया है।

सात दिवसीय कच्ची शराब विरोधी अभियान

होली के दौरान अवैध कच्ची शराब की बिक्री को रोकने के लिए पूरे जनपद में सात दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि निर्माण, परिवहन एवं बिक्री में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाए और ताबड़तोड़ दबिश दी जाए।

पीस कमेटी बैठकों पर जोर

पूर्व वर्षों के अनुभवों की समीक्षा करते हुए प्रत्येक थाना क्षेत्र में अनिवार्य रूप से पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। गणमान्य नागरिकों, धार्मिक प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।

रात 10 बजे के बाद डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध

रात्रि 10 बजे के पश्चात डीजे संचालन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। भड़काऊ या अशोभनीय गीतों के प्रसारण पर सख्त रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। उल्लंघन की स्थिति में उपकरण जब्त कर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सत्यापन अभियान व बॉर्डर चेकिंग

मुख्यालय स्तर से चल रहे सत्यापन अभियान को और तेज किया जाएगा। बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों एवं संदिग्ध तत्वों की जांच जारी रहेगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

एल्कोमीटर चेकिंग व यातायात व्यवस्था

होली के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती बरती जाएगी। एल्कोमीटर के माध्यम से विशेष चेकिंग अभियान चलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। प्रमुख चौराहों और बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए हैं।

“ऑपरेशन क्लीन स्वीप” रहेगा सक्रिय

जनपद में संचालित “ऑपरेशन क्लीन स्वीप” के तहत हिस्ट्रीशीटरों, वांछित अपराधियों और हुड़दंगियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। कानून व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

होली के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता, जबरन रंग लगाने, छेड़छाड़ या अन्य किसी आपराधिक घटना पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। महिला हेल्पलाइन और पुलिस टीमें अलर्ट मोड में रहेंगी।

सोशल मीडिया मॉनिटरिंग व वीडियोग्राफी

प्रत्येक थाना क्षेत्र में वीडियोग्राफी टीम तैनात की जाएगी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक पोस्टों की निगरानी कर आईटी एक्ट सहित प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में एसएसपी अजय गणपति ने दोहराया कि होली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस पूर्ण अनुशासन और तत्परता के साथ कार्य करते हुए आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।