ड्रग्स फ्री उत्तराखंड अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 16 किलो डोडा और हथियार के साथ तस्कर गिरफ्तार
ऊधमसिंहनगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओटीएफ कुमायूँ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े नशा तस्कर को
ऊधमसिंहनगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओटीएफ कुमायूँ और पुलभट्टा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक बड़े नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 16.560 किलोग्राम डोडा, एक देशी तमंचा, 315 बोर के 10 जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। यह कार्रवाई थाना पुलभट्टा क्षेत्र के सिरौली कला में वाहन चेकिंग के दौरान की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आकिब पुत्र मुख्तायर अहमद निवासी वार्ड नंबर 06, सिरौली कला, किच्छा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अवैध नशे के कारोबार से जुड़ा हो सकता है और उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखंड” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और आईजी कुमायूँ रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में कुमायूँ पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता पुलिस के हाथ लगी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आईजी कुमायूँ ने एसएसपी ऊधमसिंहनगर को निर्देश दिए हैं कि आरोपी से गहन पूछताछ कर यह पता लगाया जाए कि डोडा और हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
एसओटीएफ कुमायूँ की पिछले आठ महीनों की कार्रवाई पर नजर डालें तो टीम ने नशे के खिलाफ कई बड़े अभियान चलाए हैं। इस दौरान अवैध मेडिकल स्टोर्स पर कार्रवाई करते हुए 794 नशीले इंजेक्शन और 44 हजार से अधिक नशीली गोलियां एवं कैप्सूल बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


News Desk 

