गदरपुर में गैस संकट पर भड़का जनआक्रोश, कालाबाजारी के खिलाफ धरने पर बैठे भाजपा नेता राकेश भुड्डी
गदरपुर। नगर में रसोई गैस सिलेंडरों की लगातार बनी किल्लत अब जनआक्रोश का रूप ले चुकी है। गैस की कमी और कथित कालाबाजारी के विरोध में पूर्व पालिका अ
गदरपुर। नगर में रसोई गैस सिलेंडरों की लगातार बनी किल्लत अब जनआक्रोश का रूप ले चुकी है। गैस की कमी और कथित कालाबाजारी के विरोध में पूर्व पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा नेता राकेश भुड्डी (बंटी) गैस एजेंसी परिसर में धरने पर बैठ गए हैं।
52 वर्ष की उम्र में भी राकेश भुड्डी का जनसेवा के प्रति जज़्बा कम नहीं हुआ है। बुधवार सुबह 11 बजे से वह तेज धूप में धरना देकर आम जनता की परेशानी को आवाज़ दे रहे हैं। उनका कहना है कि जब तक गदरपुर क्षेत्र के लोगों को नियमित रूप से गैस सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराए जाते और कालाबाजारी पर रोक नहीं लगती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
धरने को और प्रभावी बनाने के लिए उन्होंने पानी तक त्याग दिया है, जिसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ने लगी है। इससे समर्थकों और स्थानीय नागरिकों में चिंता बढ़ गई है।
धरना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचकर उन्हें समर्थन दे रहे हैं। लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी में सिलेंडरों की कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी की जा रही है, जिससे आम उपभोक्ता परेशान हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गदरपुर में गैस संकट को लेकर बढ़ते विरोध ने प्रशासन पर दबाव बढ़ा दिया है।


News Desk 

