फार्मर डिजिटल आईडी बनवाना जरूरी, तभी मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ
उधम सिंह नगर। जिले के किसानों के लिए फार्मर डिजिटल आईडी (फार्मर रजिस्ट्री) बनवाना अब अनिवार्य हो गया है। कृषि विभाग ने सभी किसान भाइयों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर डिजिटल आईडी तैयार करा लें, क्योंकि राज्य सरकार और भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं—जिनमें उर्वरक वितरण भी शामिल है—का लाभ अब इसी आईडी के आधार पर दिया जाएगा।
मुख्य कृषि अधिकारी ने बताया कि 15 अप्रैल 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक जिले के गांवों और पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में कृषि, उद्यान, गन्ना, मत्स्य, डेयरी विकास, ग्राम्य विकास और पंचायत राज विभाग के कर्मचारी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाने का कार्य करेंगे।
इसके अलावा किसान जन सेवा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से भी अपनी डिजिटल आईडी बनवा सकते हैं। प्रशासन ने जिले में इस अभियान के लिए 172 कर्मचारियों को ऑपरेटर नियुक्त किया है। तहसील स्तर पर एक-एक अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि जिला स्तर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिदिन इसकी समीक्षा कर रहे हैं।
कृषि विभाग ने किसानों से यह भी अनुरोध किया है कि वे इस जानकारी को अन्य किसानों तक भी पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक कृषक सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। किसी भी समस्या की स्थिति में किसान कृषि विभाग या राजस्व विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।


News Desk 

