गदरपुर में जमीन विवाद में हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
गदरपुर (ऊधमसिंहनगर)। जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गदरपुर (ऊधमसिंहनगर)। जमीन विवाद में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बकैनिया निवासी उर्मिला सिंह ने कोतवाली गदरपुर में तहरीर देकर बताया कि 29 मार्च को उनके पति सर्वेश्वर सिंह की गांव के ही सर्वजीत सिंह और रविशंकर उर्फ गुड्डू सहित अन्य लोगों ने जमीन विवाद के चलते गोली मारकर हत्या कर दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मोबाइल सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की गई। इसके बाद पुलिस ने कुईखेड़ी तिराहे के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक किशोर को भी संरक्षण में लिया गया है।
कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि आरोपियों के पास से 32 बोर की लाइसेंसी रिवॉल्वर, एक खोखा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और मामले की विवेचना की जा रही है।


News Desk 

