पंतनगर महाविद्यालय में संचालित एनसीसी कैडेट कैंप में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
पंतनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे साइबर अपराध जागरूकता अभियान के तहत
पंतनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे साइबर अपराध जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को पंतनगर महाविद्यालय में संचालित एनसीसी कैडेट कैंप में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में लगभग 250 छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। साइबर क्राइम ब्रांच की टीम ने प्रतिभागियों को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, साइबर बुलिंग, साइबर स्टॉकिंग, फर्जी निवेश योजनाओं तथा ऑनलाइन जॉब के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही मजबूत पासवर्ड रखने, ओटीपी, एटीएम, सीवीवी एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की सलाह दी गई।
साइबर विशेषज्ञों ने सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने, फर्जी प्रोफाइल से सावधान रहने तथा निजी जानकारी सार्वजनिक न करने के लिए भी प्रेरित किया। ऑनलाइन निवेश एवं पार्ट-टाइम जॉब के नाम पर होने वाली ठगी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को बताया गया कि किसी भी साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, स्थानीय पुलिस अथवा साइबर सेल से संपर्क करें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।
इस अवसर पर एसएसपी अजय गणपति ने अपील करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को सतर्क एवं जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक, संदेश या लालच भरे ऑफर पर बिना सत्यापन विश्वास नहीं करना चाहिए।


News Desk 

