यातायात नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 114 वाहन चालकों के चालान, 5 ई-रिक्शा सीज
रुद्रपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारू एवं जाम मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रुद्रपुर द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
रुद्रपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुचारू एवं जाम मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस रुद्रपुर द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश तथा पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात जितेन्द्र चौधरी के कुशल निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 114 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 जून 2026 को यातायात पुलिस रुद्रपुर ने शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने, नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, ओवरस्पीडिंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा ट्रिपल राइडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।
नो-एंट्री जोन में घुसने वाले ई-रिक्शा सीज
अभियान के दौरान रुद्रपुर-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नो-एंट्री जोन में प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करने वाले 05 ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज कर दिए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नो-एंट्री नियमों का उल्लंघन सड़क दुर्घटनाओं और यातायात अव्यवस्था का प्रमुख कारण बनता है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालक पर कार्रवाई
यातायात पुलिस द्वारा अभियान के दौरान एल्कोमीटर के माध्यम से वाहन चालकों की जांच भी की गई। जांच के दौरान एक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसका वाहन सीज करते हुए कोतवाली रुद्रपुर में दाखिल कराया तथा उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।
114 वाहन चालकों पर कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान कुल 114 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस अधीक्षक का संदेश
पुलिस अधीक्षक अपराध/यातायात ऊधम सिंह नगर जितेन्द्र चौधरी ने कहा कि यातायात पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं, बल्कि आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें तथा जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें। “आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है।”


News Desk 

