जन्माष्टमी महोत्सव में सजी कान्हा-राधा की मनमोहक झांकी

गदरपुर। श्री सनातन धर्म मंदिर, बुध बाजार, गदरपुर में जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर श्री सनातन धर्म युवा मंच, बुध बाजार, गदरपुर द्वारा आयोजित “नटखट कान्हा

जन्माष्टमी महोत्सव में सजी कान्हा-राधा की मनमोहक झांकी

102 नन्हे प्रतिभागियों ने बाल स्वरूप में मोहा मन, मंदिर परिसर गूंजा राधे-राधे के जयकारों से

गदरपुर। श्री सनातन धर्म मंदिर, बुध बाजार, गदरपुर में जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर श्री सनातन धर्म युवा मंच, बुध बाजार, गदरपुर द्वारा आयोजित “नटखट कान्हा एवं प्यारी राधा बाल स्वरूप प्रस्तुति” ने श्रद्धालुओं और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में 102 नन्हे बच्चों ने प्रतिभाग कर भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के बाल स्वरूपों की मनमोहक छटा बिखेरी।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष राजकुमार भुड्डी एवं श्री सनातन धर्म युवा मंच के अध्यक्ष संजीव झाम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के आकर्षक बाल स्वरूपों में सजकर पहुंचे। कोई नटखट कान्हा के रूप में नजर आया तो कोई राधा रानी की मनमोहक छवि में। बच्चों की मनमोहक वेशभूषा, मासूम अदाओं और उत्साह ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय वातावरण से भर दिया। अभिभावकों ने भी अपने बच्चों को कान्हा और राधा के रूप में सजाने में विशेष उत्साह दिखाया।

कार्यक्रम में बच्चों के बाल स्वरूप एवं प्रस्तुतियों का मूल्यांकन मोनिका भुड्डी, सोलकी अनेजा एवं देवांगनी तनेजा ने निर्णायक मंडल के रूप में किया। निर्णायकों द्वारा बच्चों की वेशभूषा, प्रस्तुति एवं आकर्षक बाल स्वरूप के आधार पर मूल्यांकन किया गया।

0 से 5 वर्ष आयु वर्ग में अविराज गगनेजा ने प्रथम, आरम्या गाबा ने द्वितीय तथा गुरताज सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग में अवनी बादलानी ने प्रथम, गौरी ने द्वितीय तथा अविराज सुखीजा ने तृतीय स्थान हासिल किया।

विजेता प्रतिभागियों को श्री सनातन धर्म सभा एवं श्री सनातन धर्म युवा मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों का उत्साह देखते ही बनता था।

कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में बच्चों के उत्साह और अभिभावकों के उमंगपूर्ण सहभाग ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम स्थल “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का मंच संचालन श्रृंखला चावला एवं सहायक दीपांशु ने प्रभावशाली ढंग से किया। दोनों ने अपनी वाक्पटुता और शानदार संचालन से पूरे कार्यक्रम में ऊर्जा एवं उत्साह बनाए रखा।

आयोजन को सफल बनाने में राजकुमार भुड्डी, समन मुंजाल, कृष्णलाल सुधा, अशोक हुड़िया, विजय छाबड़ा, अशोक भुड्डी, सोमनाथ छाबड़ा, लेखराज भुड्डी, जयकिशन भुड्डी, धीरज गुलाटी, अंकित खेडा, दीपक भुड्डी, विक्की मुरादिया, हिमांशु सुखीजा एवं आशीष शाही सहित मंच के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी प्रतिभागी बच्चों एवं उनके अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

श्री सनातन धर्म युवा मंच के अध्यक्ष संजीव झाम ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन बच्चों को अपनी सनातन संस्कृति, संस्कारों और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। जन्माष्टमी जैसे पर्व पर बच्चों की सहभागिता न केवल उत्सव की सुंदरता बढ़ाती है, बल्कि आने वाली पीढ़ी में अपनी संस्कृति के प्रति प्रेम, संस्कार और आस्था को भी मजबूत करती है।