जन्माष्टमी पर भक्तिमय हुआ पुलिस लाइन रुद्रपुर

रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में शुक्रवार को भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। उत्तराखंड की लोक

जन्माष्टमी पर भक्तिमय हुआ पुलिस लाइन रुद्रपुर

कान्हा की भक्ति में झूमा पुलिस परिवार, लोक संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां

रुद्रपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन रुद्रपुर में शुक्रवार को भव्य जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन किया गया। उत्तराखंड की लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मनमोहक झांकियों और भक्ति संगीत ने पूरे पुलिस लाइन परिसर को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर श्री अजय गणपति एवं महापौर रुद्रपुर श्री विकास शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में रुद्रपुर विधायक श्री शिव अरोरा सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने शिरकत कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। एसएसपी अजय गणपति ने सपरिवार पुलिस लाइन स्थित मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने सामूहिक रूप से भगवान श्रीकृष्ण की आरती की।

झांकियों में दिखी उत्तराखंड की लोक संस्कृति

जन्माष्टमी के अवसर पर जनपद के विभिन्न थानों, फायर यूनिट, यातायात पुलिस, संचार शाखा एवं अन्य शाखाओं द्वारा आकर्षक झांकियां सजाई गईं। झांकी प्रतियोगिता में कोतवाली सितारगंज ने प्रथम, कोतवाली ट्रांजिट कैंप ने द्वितीय तथा कोतवाली जसपुर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। झांकियों में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं के साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति की भी सुंदर झलक देखने को मिली।

लोक कलाकारों ने बांधा समां

सांस्कृतिक संध्या में पुलिस लाइन के बच्चों और पुलिस कर्मियों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। वहीं प्रसिद्ध लोकगायक गोविंद दिगारी, खुशी जोशी एवं श्वेता महारा ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर पुलिस परिवार एवं उपस्थित दर्शक झूमते नजर आए।

एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस परिवार एवं समस्त जनपदवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए समाज में शांति, प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारा बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सामूहिक आरती एवं पूजा-अर्चना के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर, पुलिस अधीक्षक काशीपुर, समस्त राजपत्रित अधिकारी, थानाध्यक्ष, प्रतिसार निरीक्षक, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में पुलिस परिवार के सदस्य मौजूद रहे।