एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं शाखा

एसएसपी अजय गणपति ने की मासिक अपराध समीक्षा, कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिस कार्यालय रुद्रपुर में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, थाना एवं शाखा प्रभारियों तथा पुलिस कार्मिकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सम्मेलन आयोजित किया। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध रोकथाम और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

एसएसपी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से उनकी विभागीय, व्यक्तिगत एवं पारिवारिक समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद अपराध समीक्षा बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में जनपद के सभी थानों में दर्ज मामलों, अभियुक्तों के विरुद्ध की गई कार्रवाई और लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने विवेचकों को लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने को कहा।
उन्होंने बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर जनता से सीधा संवाद स्थापित करने, महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई करने तथा बाहरी व्यक्तियों और किरायेदारों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर ठगी से बचाव के लिए स्कूलों, कॉलेजों और आमजन को जागरूक करने हेतु अधिक से अधिक गोष्ठियां आयोजित करने को कहा गया।

बैठक में हिस्ट्रीशीटरों की सतत निगरानी, सक्रिय अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई तथा थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर अवैध मादक पदार्थों और शराब तस्करी में शामिल अपराधियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी जारी किए गए।

एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस मुख्यालय स्तर से संचालित ऑपरेशन प्रहार एवं ऑपरेशन लगाम के तहत अवैध नशा कारोबार में लिप्त अपराधियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगालने, उनके विरुद्ध गुंडा एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करने तथा आवश्यकतानुसार हिस्ट्रीशीट खोलने के निर्देश दिए।

इसके अलावा लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा के लिए पुलिस उपाधीक्षकों को समय-समय पर निगरानी रखने और थाना प्रभारियों को विवेचकों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के अंत में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 18 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जिससे पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाया जा सके।