16 लाख की स्मैक के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने मोटरसाइकिल व मोबाइल भी किए बरामद

रुद्रपुर/किच्छा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

16 लाख की स्मैक के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने मोटरसाइकिल व मोबाइल भी किए बरामद

रुद्रपुर/किच्छा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में जनपद को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ANTF/SOG रुद्रपुर एवं कोतवाली किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 16 लाख रुपये कीमत की 52.08 ग्राम स्मैक के साथ दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून 2026 को ANTF/SOG टीम और कोतवाली किच्छा पुलिस चौकी कलकत्ता फार्म क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूर्य नगर गेट नंबर-05 के पास एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान अभियुक्त सचिन सिंह के कब्जे से 41.02 ग्राम तथा सुखविंदर सिंह के कब्जे से 11.06 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 16 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, बैंक कार्ड और नगदी भी बरामद की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सचिन सिंह पुत्र सतनाम सिंह निवासी सिंघाड़ा उर्फ टाटरगंज, जिला पीलीभीत एवं हाल निवासी नानकमत्ता तथा सुखविंदर सिंह पुत्र दर्शन सिंह निवासी गुरुनानक नगरी, सितारगंज के रूप में हुई है। पूछताछ में मुख्य अभियुक्त द्वारा नेपाल के लोगों को स्मैक सप्लाई करने की बात भी सामने आई है, जिसके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है।

अभियुक्तों के विरुद्ध कोतवाली किच्छा में धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में नशा तस्करी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।